असम: जोरहाट में कांग्रेस नेता के घर पर हमला
दिलीप
- 08 May 2026, 07:21 PM
- Updated: 07:21 PM
जोरहाट, आठ मई (भाषा) असम के जोरहाट जिले में शुक्रवार तड़के अज्ञात व्यक्तियों ने कथित तौर पर एक कांग्रेस कार्यकर्ता के आवासीय परिसर में स्थित एक भोजनालय में आग लगा दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना देर रात करीब डेढ़ बजे तिताबोर थाना क्षेत्र के रंगजान में घटी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "रूपाली दास की शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी गई और जांच में अधिक जानकारी सामने आएगी।"
उन्होंने बताया, "परिवार के अनुसार, एक भोजनालय और एक वाहन के कुछ पुर्जे जलकर खाक हो गए, जिनकी कीमत लगभग 10,000-15,000 रुपये है।"
सोमवार को विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विपक्षी सदस्यों पर कथित तौर पर हमले की यह दूसरी घटना है।
विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने दो-तिहाई बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल की।
सोमवार देर रात कार्बी आंगलोंग जिले के दिफू में कांग्रेस उम्मीदवार के घर पर अज्ञात लोगों ने पेट्रोल बम फेंके। हालांकि, कोई भी बम फटा नहीं।
दास ने बताया कि इस घटना में राहगीरों ने आग की लपटें देखीं और परिवार को सूचना दी, जो उस समय घर में सो रहे थे।
दास ने कहा, "लगभग डेढ़ बजे हमने अपने दरवाजे पर जोर-जोर से खटखटाने और लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनी। पहले तो हम दरवाजा खोलने में हिचकिचा रहे थे, लेकिन जब हमने अपने पड़ोसियों की आवाज सुनी, तो हम तुरंत बाहर भागे।"
दास ने कहा कि परिसर के सामने स्थित उनका भोजनालय पूरी तरह से जलकर खाक हो गया, साथ ही उनके पति द्वारा संचालित एक वाणिज्यिक यात्री वाहन के कल-पुर्जों को भी नुकसान पहुँचा है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले कि आग फैलती, स्थानीय लोगों की मदद से उस पर काबू पा लिया गया।
आग बुझने के बाद, दास ने बताया कि उन्हें पेट्रोल से भरी एक कांच की बोतल मिली, जिसमें एक बाती लगी हुई थी। दास का निवास पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पैतृक घर के पास स्थित है। वह सोशल मीडिया पर नियमित रूप से विपक्षी दल (कांग्रेस) के समर्थन में वीडियो पोस्ट करती रहती हैं। असम में कांग्रेस के सोशल मीडिया और आईटी विभाग के अध्यक्ष रितुपर्ण कुंवर ने इस घटना की निंदा की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप
0805 1921 जोरहाट