गुजरात निकाय चुनाव: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने किया मतदान
सुरभि
- 26 Apr 2026, 12:59 PM
- Updated: 12:59 PM
(तस्वीरों सहित)
अहमदाबाद, 26 अप्रैल (भाषा) गुजरात में विभिन्न स्थानीय निकायों के लिए जारी मतदान के बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने रविवार को अपना वोट डाला।
यह चुनाव अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत 15 नगर निगमों, 84 नगर पालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए हो रहे हैं जो राज्य के सबसे बड़े चुनावी अभ्यासों में से एक है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगी।
गुजरात में 15 नगर निगमों और 84 नगरपालिकाओं सहित कई स्थानीय निकायों के चुनावों के लिए रविवार सुबह मतदान शुरू हो गया।
शाह, अपनी पत्नी सोनलबेन और बेटे जय शाह के साथ अहमदाबाद के नारणपुरा उप खंड कार्यालय में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डालने पहुंचे। मतदान केंद्र के बाहर पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री पटेल ने यहां शिलज प्राथमिक विद्यालय में बने मतदान केंद्र में अपना वोट डाला और लोगों से चुनावी प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
पटेल ने अपना वोट डालने के बाद पत्रकारों से कहा, "लोकतंत्र के इस उत्सव में सभी को भाग लेना चाहिए क्योंकि मतदान हमारा अधिकार और कर्तव्य दोनों है। मैं सभी नागरिकों से अपील करता हूं कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और भाजपा के सभी उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।''
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल ने सूरत में अपना वोट डाला।
कुल 9,992 उम्मीदवार मैदान में हैं और 4.18 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए पात्र हैं।
इस बार नौ नवगठित नगर निगमों नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आणंद, नडियाद, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर में पहली बार चुनाव हो रहे हैं। चुनाव संशोधित ओबीसी आरक्षण मानदंडों के तहत कराए जा रहे हैं, जिसके लिए कई जिलों में वार्डों का व्यापक परिसीमन और पुनर्गठन करना पड़ा।
सुरक्षा के मोर्चे पर त्रिस्तरीय बंदोबस्त किया गया है। सीसीटीवी निगरानी के साथ-साथ संवेदनशील इलाकों में विशेष दस्ते तैनात किए गए हैं।
मतगणना 28 अप्रैल को होगी।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि
2604 1259 अहमदाबाद