मालीवाल हमला मामले में भाजपा ने आम आदमी पार्टी को ‘एंटी औरत पार्टी' करार दिया
रंजन रंजन अविनाश
- 18 May 2024, 04:46 PM
- Updated: 04:46 PM
नयी दिल्ली, 18 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर स्वाति मालीवाल हमला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सहयोगी बिभव कुमार के बचाव में पीड़िता को शर्मसार करने और उन्हें ही दोषी ठहराने का आरोप लगाया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपने सहयोगी कुमार को बचाने का प्रयास कर रहे हैं क्योंकि कुमार उनके ‘रहस्यों’ को उजागर कर उन्हें बेनकाब कर सकते हैं।
पार्टी पर कटाक्ष करते हुए, पूनावाला ने संवाददाताओं से कहा कि आम आदमी पार्टी मूल रूप से ‘एंटी औरत पार्टी’ (महिला विरोधी पार्टी) है। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी नेताओं पर महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने के पिछले आरोपों का जिक्र किया।
मालीवाल पर भाजपा के इशारे पर काम करने के आप के दावे पर पूनावाला ने पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि पार्टी की एक अन्य नेता और दिल्ली महिला आयोग की सदस्य वंदना सिंह भी राज्यसभा सदस्य का समर्थन कर रही हैं।
उन्होंने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा आम आदमी पार्टी की आलोचना का जिक्र करते हुये पूछा कि क्या लोकसभा सदस्य चौधरी भी भाजपा के एजेंट बन गए हैं।
मालीवाल की पार्टी ने उनके खिलाफ भाजपा के एजेंट की तरह काम करने का आरोप लगाया है।
पूनावाला ने मालीवाल प्रकरण की तुलना महाभारत में द्रौपदी चीरहरण मामले से करते हुए कहा कि पार्टी के भ्रष्टाचार और कदाचार के बाद दुष्प्रचार होता है, और यह सत्तारूढ़ दल की मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बन गयी है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अब मालीवाल के चरित्र हनन में जुट गयी है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि कुमार केवल एक कठपुतली हैं, जिनकी डोर केजरीवाल के हाथों में है। उन्होंने इस मुद्दे पर नहीं बोलने के लिये प्रियंका गांधी वाद्रा, राहुल गांधी एवं प्रियंका चतुर्वेदी जैसी विपक्षी नेताओं पर हमला बोला।
मालीवाल के खिलाफ कुमार ने मुख्यमंत्री आवास पर हुई घटना के चार दिन बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा नेता ने कहा कि कुमार स्पष्ट रूप से केजरीवाल के इशारे पर काम कर रहे हैं ।
पूनावाला ने आप पर निशाना साधने के लिए मालीवाल की मेडिकल रिपोर्ट का भी हवाला दिया, जिसमें कथित तौर पर चोट के निशान की पुष्टि की गई है।
कुमार को मालीवाल पर कथित हमले के सिलसिले में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा रंजन रंजन