दिल्ली: आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के मैच के दिनों में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे
प्रशांत
- 09 Feb 2026, 11:50 PM
- Updated: 11:50 PM
नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप मैचों के कारण 10, 12, 13, 16, 18 फरवरी और एक मार्च को अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे तथा मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एक परामर्श जारी कर यह जानकारी दी।
परामर्श के अनुसार, मैचों से पहले और बाद में दर्शकों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए मैच वाले दिनों में सुबह नौ बजे से रात साढ़े 11 बजे तक अलग-अलग समय पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।
दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे 10, 16 और 18 फरवरी को सुबह नौ बजे से अपराह्न दो बजे तक, 13 फरवरी और एक मार्च को अपराह्न दो बजे से शाम सात बजे तक और 12 फरवरी को शाम छह बजे से रात साढ़े 11 बजे तक निम्नलिखित सड़कों पर न जाएं।
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि आईटीओ चौक से दिल्ली गेट तक बहादुरशाह जफर मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और राजघाट से जेएलएन मार्ग तक के हिस्से पर आवश्यकतानुसार मार्ग परिवर्तन व प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों को व्यस्त समय के दौरान इन सड़कों पर न जाने की सलाह दी है।
दर्शकों को सुगम यात्रा के लिए दिल्ली मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
निकटतम मेट्रो स्टेशन दिल्ली गेट (गेट चार और पांच) और आईटीओ (गेट तीन और चार) हैं।
स्टेडियम के पास सीमित पार्किंग केवल वैध पार्किंग लेबल वाले वाहनों के लिए उपलब्ध होगी, जबकि माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड के नीचे मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
परामर्श के मुताबिक, प्रतिबंधित क्षेत्रों में खड़ी गाड़ियों को क्रेन की मदद से हटाया जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने दर्शकों को स्टेडियम के अंदर लैपटॉप, कैमरा, हेलमेट, बैग, खाने-पीने की चीजें, पानी की बोतलें, पावर बैंक, लाइटर, माचिस, चाकू या हथियार जैसी प्रतिबंधित वस्तुएं न ले जाने की सलाह दी है।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें, यातायात संकेतों और यातायात कर्मियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत
0902 2350 दिल्ली