भारती एयरटेल का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 31 प्रतिशत घटकर 2,072 करोड़ रुपये पर
प्रेम प्रेम अजय
- 14 May 2024, 07:30 PM
- Updated: 07:30 PM
नयी दिल्ली, 14 मई (भाषा) दूरसंचार सेवा प्रदाता भारती एयरटेल का पिछले वित्त वर्ष की मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 31 प्रतिशत घटकर 2,072 करोड़ रुपये पर रहा। नाइजीरियाई मुद्रा नायरा के अवमूल्यन से इसके लाभ में बड़ी गिरावट आई है।
भारती एयरटेल ने मंगलवार को जनवरी-मार्च, 2024 तिमाही के इस वित्तीय नतीजे की शेयर बाजार को सूचना दी। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी ने 3,005.6 करोड़ रुपये का लाभ कमाया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 4.4 प्रतिशत बढ़कर 37,599.1 करोड़ रुपये हो गया जबकि साल भर पहले की समान तिमाही में यह 36,009 करोड़ रुपये था।
भारती एयरटेल के प्रबंध निदेशक गोपाल विट्टल ने कहा, ‘‘हमारे समेकित प्रदर्शन पर मुख्य रूप से नाइजीरियाई मुद्रा नायरा के अवमूल्यन से असर पड़ा है। हमने इस तिमाही में 78 लाख स्मार्टफोन ग्राहक जोड़े और 209 रुपये का एआरपीयू (औसत प्रति ग्राहक राजस्व) हासिल करने में सफल रहे।’’
एयरटेल को नाइजीरियाई मुद्रा के अवमूल्यन की वजह से 2,544.4 करोड़ रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा का नुकसान उठाना पड़ा है। इसकी वजह से उसके राजस्व एवं लाभ में गिरावट दर्ज की गई है।
बीती तिमाही में कंपनी ने 658 करोड़ रुपये में बीटेल टेलीटेक की 97.12 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया।
समूचे वित्त वर्ष 2023-24 में भारती एयरटेल का मुनाफा भी 10.5 प्रतिशत गिरकर 7,467 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 8,346 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था।
पिछले वित्त वर्ष में कंपनी का परिचालन राजस्व 7.7 प्रतिशत बढ़कर 1,49,982.4 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2022-23 में 1,39,144.8 करोड़ रुपये था।
मार्च तिमाही में कंपनी का पूंजीगत व्यय समूह के स्तर पर 10,516 करोड़ रुपये रहा जबकि भारतीय कारोबार के लिए यह व्यय 8,491 करोड़ रुपये रहा।
भारती एयरटेल के भारतीय परिचालन का राजस्व सालाना आधार पर 12.9 प्रतिशत बढ़कर 28,513 करोड़ रुपये हो गया। लेकिन एकीकृत राजस्व को नाइजीरियाई मुद्रा के अवमूल्यन की वजह से नुकसान उठाना पड़ा।
मार्च तिमाही में कंपनी के भारतीय ग्राहकों की संख्या पांच प्रतिशत बढ़कर 35.22 करोड़ हो गई। इस दौरान इसका एआरपीयू भी आठ प्रतिशत बढ़कर 209 रुपये हो गया।
इस बीच भारती एयरटेल के निदेशक मंडल ने पांच रुपये अंकित मूल्य वाले पूर्ण चुकता शेयर पर आठ रुपये और पांच रुपये के अंकित मूल्य वाले आंशिक चुकता शेयर पर दो रुपये का अंतिम लाभांश देने की भी सिफारिश की है। इस फैसले पर सालाना आमसभा में मुहर लगाई जाएगी।
भाषा प्रेम प्रेम