ओडिशा: बेरहामपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हाथापाई में घायल हुए
खारी मनीषा
- 14 May 2024, 02:03 PM
- Updated: 02:03 PM
भुवनेश्वर, 14 मई (भाषा) ओडिशा की बेरहामपुर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार प्रदीप पाणिग्रही और इसी नाम के विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के बीच सोमवार को मतदान संपन्न होने के बाद झड़प हो गई। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान पाणिग्रही घायल हो गये।
पाणिग्रही के दाहिने कंधे पर चोट आई और उन्होंने सीने में दर्द की शिकायत भी की है। उन्हें बेरहामपुर के एक मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल में भर्ती कराया गया और मंगलवार को उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भुवनेश्वर ले जाया गया।
इस बीच, बेरहामपुर विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार एस शंकर दास को गोसानी नुआगांव पुलिस थाने में हिरासत में लिया गया जिसके बाद उनके समर्थकों ने रिहाई की मांग और चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर धरना दिया।
घटना सोमवार शाम को मतदान संपन्न होने के बाद की है जब पाणिग्रही गोसानी नुआगांव क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर यह देखने गए थे कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) को ‘स्ट्रॉन्ग रूम’ में ले जाने से पहले उन्हें ठीक से सील किया जा रहा है या नहीं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बेरहामपुर नगर निगम के पूर्व महापौर दास अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे । इस दौरान उनके तथा पाणिग्रही के बीच तीखी बहस हो गई और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। उन्होंने बताया कि दास ने पाणिग्रही को कथित तौर पर धक्का दिया और मुक्का मारा।
गोसानी नुआगांव प्रभारी निरीक्षक स्मृतिरेखा प्रधान के नेतृत्व में पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और दास को हिरासत में लिया। पाणिग्रही को अस्पताल में भर्ती कराया गया तथा स्थिति को नियंत्रण में किया गया।
दास के समर्थक उनकी रिहाई की मांग को लेकर पुलिस थाने पर धरना दे रहे हैं।
सूत्रों ने बताया कि दास बेरहामपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट मांग रहे थे, लेकिन कथित तौर पर पाणिग्रही ने उन्हें टिकट देने से इनकार कर दिया।
इसी बीच, सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) ने ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर आरोप लगाया कि मतदान प्रक्रिया के दौरान गंजम जिले में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके तीन समर्थकों पर हमला किया।
ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ हो रहे हैं इसका पहला चरण सोमवार को शुरू हो गया और एक जून को अंतिम चरण होगा।
भाषा खारी