गुरुग्राम : निर्माणाधीन चर्च के परिसर में तोड़फोड़
आशीष दिलीप
- 30 Dec 2026, 10:43 PM
- Updated: 10:43 PM
गुरुग्राम, 30 दिसंबर (भाषा) गुरुग्राम के टीकली गांव में एक निर्माणाधीन चर्च के परिसर में तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस चर्च के निर्माण पर आसपास के गांवों के कुछ लोग विरोध जता रहे थे। पुलिस ने बताया कि चर्च से संबद्ध एक पंजीकृत धार्मिक धर्मार्थ संस्था ने परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, लेकिन नुकसान के संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। रविवार को तोड़फोड़ की घटना में सीसीटीवी कैमरों और बिजली के उपकरणों को नुकसान हुआ।
पुलिस ने कुछ हिंदू संगठनों के नेताओं को भी नोटिस जारी किया है और उन्हें कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश न करने की चेतावनी दी है। पुलिस के अनुसार, चर्च का निर्माण सरकार से उचित अनुमति प्राप्त करने के बाद किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने घटनास्थल पर पीसीआर वैन के साथ पुलिसकर्मियों को तैनात किया है और स्थिति शांतिपूर्ण है। संबंधित व्यक्तियों के पास सभी दस्तावेज मौजूद हैं और वे निर्माण कार्य शुरू कर सकते हैं। भवन निर्माण योजना को इस जुलाई में जीएमडीए (गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण) ने मंजूरी दी थी।”
कई गांवों के लोगों ने शुक्रवार को टीकली गांव में दो एकड़ कृषि भूमि पर चर्च के निर्माण के विरोध में एक महापंचायत का आयोजन किया। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों के नेताओं ने इस सभा में भाग लिया।
लोगों ने आशंका जताई कि चर्च का इस्तेमाल धर्मांतरण गतिविधियों के लिए एक आड़ के रूप में किया जा सकता है। सोमवार को उन्होंने इस मामले पर उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा।
पुलिस ने हिंदू संगठनों के कुछ नेताओं को नोटिस जारी किया है, जिन्होंने महापंचायत में भाग लिया था, और उन्हें मंगलवार को पुलिस उपाधीक्षक के समक्ष पेश होने के लिए कहा है।
नोटिस में लिखा है, "आपको सूचित किया जाता है कि यदि आप कानून-व्यवस्था में बाधा डालते हैं, तो आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
हिंदू संगठनों के नेताओं ने महापंचायत के बाद चेतावनी दी थी कि वे चर्च के निर्माण की अनुमति नहीं देंगे।
विहिप के यशवंत शेखावत और बजरंग दल के सुरेंद्र तंवर ने कहा कि गांव के आसपास कोई ईसाई परिवार नहीं रहता है।
भाषा आशीष