तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश की संभावना, डेल्टा जिलों में भारी वर्षा की संभावना
राखी रंजन
- 15 Nov 2025, 05:54 PM
- Updated: 05:54 PM
चेन्नई, 15 नवंबर (भाषा) क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को कहा कि थोड़े समय की राहत के बाद अगले 24 घंटों में तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश होने की संभावना है, तथा मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर और पुडुकोट्टई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि अगले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में एक या दो स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मा सुब्रमण्यन ने कहा कि 16 अक्टूबर को सक्रिय हुए उत्तर-पूर्वी मानसून के कारण अब तक तमिलनाडु में 30 सेमी बारिश हुई है।
बुलेटिन के अनुसार, तटीय तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर तथा आंतरिक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है तथा एक या दो स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली गिरने की संभावना है।
एक ऊपरी वायु परिसंचरण जो दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर था, अब दक्षिण श्रीलंका और समीपवर्ती दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है तथा समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।
मौसम विभाग ने मछुआरों को शनिवार और रविवार (15 और 16 नवंबर, 2025) के बीच समुद्र में न जाने की सलाह दी है, क्योंकि तमिलनाडु तट के साथ-साथ मन्नार की खाड़ी और निकटवर्ती कोमोरिन क्षेत्र में 35 किमी प्रति घंटे से 45 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने की संभावना है, जो बढ़कर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तूतीकोरिन जिले के तिरुचेंदूर में शनिवार सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक 8 सेमी बारिश दर्ज की गई, जिसके बाद तिरुनेलवेली के ओथु और राधापुरम तथा तूतीकोरिन के कयापट्टिनम में सात-सात सेमी बारिश दर्ज की गई।
बुलेटिन में कहा गया है कि जिले के तिरुप्पुर उत्तर, पल्लदम, तिरुप्पुर दक्षिण और उथुकुली में सबसे कम एक सेमी बारिश दर्ज की गई।
बुलेटिन में कहा गया है कि चेन्नई और आसपास के जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।
भाषा
राखी