आबकारी 'घोटाला' मामला: अदालत ने केजरीवाल, सिसोदिया व कविता की न्यायिक हिरासत बढ़ाई
नोमान माधव
- 07 May 2024, 07:21 PM
- Updated: 07:21 PM
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी घोटाले से संबंधित मामलों में मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, आम आदमी पार्टी (आप) के नेता मनीष सिसोदिया और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान पार्षद (एमएलसी) के. कविता की न्यायिक हिरासत बढ़ा दी।
सीबीआई और ईडी मामलों की विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 मई तक के लिए बढ़ा दी। न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी के बाद उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अदालत में पेश किया गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केजरीवाल को कथित घोटाले से जुड़े धन शोधन के मामले में गिरफ्तार किया था।
न्यायाधीश ने पूर्व उपमुख्मंत्री सिसोदिया की न्यायिक हिरासत भी 15 मई तक के लिए बढ़ा दी। अदालत ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा जांच किए जा रहे भ्रष्टाचार के मामले में उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ाई है।
न्यायाधीश ने सिसोदिया के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में आरोप तय करने के वास्ते आगे की बहस के लिए 15 मई की तारीख तय की।
वहीं, अदालत ने धनशोधन से जुड़े मामले में कविता की न्यायिक हिरासत 14 मई तक बढ़ा दी जबकि भ्रष्टाचार से संबंधित मामले में उन्हें 20 मई तक के लिए जेल भेज दिया।
तेलंगाना की एमएलसी कविता को उनकी न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया था।
सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत को बताया कि जांच महत्वपूर्ण चरण में है और एजेंसी एक सप्ताह में कविता के खिलाफ आरोप पत्र दायर कर सकती है।
न्यायाधीश ने धन शोधन मामले में सह-आरोपी चनप्रीत सिंह की न्यायिक हिरासत भी 20 मई तक बढ़ा दी।
केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था और फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल में बंद हैं।
अदालत ने सीबीआई और ईडी द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार और धन शोधन के मामलों में सिसोदिया की जमानत याचिका 30 अप्रैल को खारिज कर दी थी।
अदालत ने भ्रष्टाचार और धन शोधन के मामलों में कविता द्वारा दायर जमानत याचिकाओं को छह मई को खारिज कर दिया था।
यह मामला दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी नीति बनाने और क्रियान्वयन में कथित भ्रष्टाचार और धन शोधन से संबंधित है। इस नीति को रद्द कर दिया गया है।
भाषा
नोमान