हरियाणा: मुख्यमंत्री सैनी ने करनाल विस उपचुनाव और खट्टर समेत अन्य ने लोस चुनाव के लिए नामांकन किया
अमित संतोष
- 06 May 2024, 11:38 PM
- Updated: 11:38 PM
चंडीगढ़, छह मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर और नैना चौटाला (जजपा) ने राज्य में अलग-अलग लोकसभा सीट के लिए अपने नामांकन पत्र दाखिल किये।
लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी दिन कांग्रेस के जय प्रकाश ने भी हिसार सीट से अपना पर्चा दाखिल किया।
सैनी ने करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। खट्टर के इस्तीफे देने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। खट्टर ने करनाल लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
करनाल विधानसभा सीट के लिए भी नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 6 मई थी। नामांकन दाखिल करने से पहले सैनी और खट्टर ने करनाल में एक संयुक्त रोडशो किया।
करनाल विधानसभा क्षेत्र के लिए उपचुनाव आम चुनाव के छठे चरण के साथ होगा जिसमें हरियाणा में लोकसभा की 10 सीट के लिए वोट डाले जाएंगे।
केंद्रीय ऊर्जा और भारी उद्योग राज्य मंत्री गुर्जर ने फरीदाबाद सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। वह 2019 के लोकसभा चुनाव जीत थे और इस बार फिर से चुनाव लड़ रहे हैं।
जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) की नैना चौटाला और कांग्रेस के जय प्रकाश ने हिसार सीट से अपना नामांकन दाखिल किया।
पूर्व सांसद जय प्रकाश जब हिसार से अपना नामांकन पत्र दाखिल करने गए तो उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री एवं विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान थे।
नैना के साथ उनके पति एवं जजपा प्रमुख अजय सिंह चौटाला और उनके दो बेटे - पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और जजपा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला भी थे।
कुरुक्षेत्र सीट से निवर्तमान लोकसभा सदस्य सैनी ने 12 मार्च को खट्टर की जगह मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
तेरह मार्च को, खट्टर ने करनाल विधानसभा सीट से विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था और उसी दिन उन्हें करनाल लोकसभा सीट के लिए भाजपा उम्मीदवार घोषित कर दिया गया था।
हरियाणा में लोकसभा की 10 सीट और करनाल विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 अप्रैल को शुरू हुई थी। नामांकन पत्र दाखिल करने की समयसीमा 6 मई को समाप्त हो गई। नामांकन की जांच 7 मई को की जाएगी और उम्मीदवार 9 मई तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
भाषा अमित