एप्पल ने भारत में मजबूत दहाई अंक में वृद्धि हासिल की: सीईओ टिम कुक
पाण्डेय रमण
- 03 May 2024, 09:20 PM
- Updated: 09:20 PM
नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुक ने शुक्रवार को कहा कि कंपनी ने भारत में मजबूत दहाई अंक में वृद्धि दर्ज की है और मार्च तिमाही में नया राजस्व रिकॉर्ड बनाया है।
कुक ने कहा कि भारतीय बाजार पर ‘मुख्य तौर पर ध्यान’ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एप्पल, डेवलपर से लेकर बाजार तथा परिचालन तक पूरे परिवेश पर काम कर रहा है और वह वृद्धि आंकड़ों से ‘बेहद खुश’ है।
उन्होंने प्रौद्योगिकी कंपनी की दूसरी तिमाही की आय में भारत के योगदान पर कहा, ‘‘ हमने (भारत में) मजबूत दहाई अंक की वृद्धि दर्ज की। हम इससे बेहद खुश हैं। यह हमारे लिए मार्च तिमाही का नया राजस्व रिकॉर्ड है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा है..मैं इसे एक अविश्वसनीय रूप से रोमांचक बाजार के रूप में देखता हूं और यह हम मुख्य तौर पर इस पर ध्यान दे रहे हैं।’’
क्यूपर्टिनो स्थित आईफोन विनिर्माता ने एक दर्जन से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिकॉर्ड राजस्व दर्ज किए हैं। इनमें मार्च तिमाही के भारत, लातिन अमेरिका और पश्चिम एशिया के साथ-साथ कनाडा, स्पेन और तुर्किये में दर्ज रिकॉर्ड राजस्व शामिल हैं।
एप्पल के भारत में प्रदर्शन पर कुक ने कहा कि कंपनी के परिचालन संबंधी कार्य और विभिन्न पहलों के साथ-साथ बाजार में प्रवेश की योजना जारी है।
उन्होंने कहा, ‘‘ हमने पिछले वर्ष कुछ स्टोर खोले हैं और हमें वहां अपार संभावनाएं नजर आ रही हैं।’’
मार्च में समाप्त वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही के लिए अपने वित्तीय परिणामों की घोषणा करते हुए एप्पल ने कहा कि उसने तिमाही में 90.8 अरब अमरीकी डॉलर का राजस्व दर्ज किया, जो पिछले वर्ष की तुलना में चार प्रतिशत कम है।
एप्पल एक अक्टूबर से 28 सितंबर तक के वित्त वर्ष का अनुसरण करता है।
कुक ने आगे कहा कि परिचालन पक्ष या आपूर्ति श्रृंखला के लिहाज से कंपनी भारत में उत्पादन कर रही है और व्यावहारिक नजरिए से, प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए वहां उत्पादन करने की जररूत है।
कुक ने भारत के बारे में कहा, ''हमने कुछ स्टोर खोले हैं और हमें वहां बहुत अवसर दिखाई दे रहे हैं।''
एप्पल अपने बढ़ते संचालन के लिए अमेरिका और यूरोप में नयी सौर और पवन ऊर्जा में भी निवेश कर रही है।
भाषा पाण्डेय