त्रिपुरा पूर्व लोकसभा सीट पर मतदान के लिए तैयारियां पूरी
जितेंद्र सुरेश
- 25 Apr 2024, 03:41 PM
- Updated: 03:41 PM
अगरतला, 25 अप्रैल (भाषा) त्रिपुरा पूर्व लोकसभा क्षेत्र में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में राज्य में शुक्रवार को अंतिम दौर का मतदान होगा। निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
त्रिपुरा पूर्व लोकसभा क्षेत्र में कुल 13.96 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 7.02 लाख पुरुष, 6.94 लाख महिलाएं और 13 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।
इस निर्वाचन क्षेत्र में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 38,245 मतदाता, 4,678 सरकारी सेवा मतदाता और 85 वर्ष की आयु से अधिक के 8,942 मतदाता हैं।
इस सीट पर नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार कृति देबबर्मा का सीधा मुकाबला विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के उम्मीदवार एवं मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के विधायक राजेंद्र रियांग से है।
इस निर्वाचन क्षेत्र में 30 विधानसभा क्षेत्र आते हैं, जिसके अंतर्गत 1,664 मतदान केंद्र हैं।
इन मतदान केंद्रों में 61 आदर्श मतदान केंद्र और 67 महिला-प्रबंधित मतदान केंद्र भी शामिल हैं। इस संसदीय क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर बसे ब्रू समुदाय के 16,260 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, बिजली आपूर्ति, दिव्यांग मतदाताओं के लिए रैंप, शौचालय और तिरपाल जैसी बुनियादी सुविधाएं तैयार कर दी गई हैं।
निर्वाचन अधिकारी साजू वहीद ने बताया, ''त्रिपुरा पूर्व लोकसभा क्षेत्र में शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान अधिकारियों के लगभग 60 प्रतिशत दल ईवीएम और वीवीपैट सहित विभिन्न चुनाव सामग्रियों के साथ मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो चुके हैं।''
उन्होंने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कर ली गई है और सभी 1,664 मतदान केंद्रों की गतिविधियों के सीधे प्रसारण की भी व्यवस्था है।
निर्वाचन आयोग के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों से कुल 18 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 14 शिकायतों का समाधान पहले ही किया जा चुका है।
भाषा जितेंद्र