कर्नाटक में चुनाव आचार संहिता के घोर उल्लंघन के 189 मामले दर्ज : निर्वाचन आयोग
रविकांत पवनेश
- 24 Apr 2024, 05:20 PM
- Updated: 05:20 PM
बेंगलुरु, 24 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक में 26 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान की तैयारियों के बीच निर्वाचन आयोग ने बुधवार को कहा कि बेंगलुरु ग्रामीण और मैसूर निर्वाचन क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों का 'वेबकास्ट' किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि अब तक आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के घोर उल्लंघन के लिए राजनीतिक दलों अथवा उम्मीदवारों के खिलाफ कुल 189 मामले दर्ज किए गए हैं।
कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार मीणा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 14 निर्वाचन क्षेत्रों के 30,602 मतदान केंद्रों पर 1.40 लाख मतदान अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे, जहां शुक्रवार, 26 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा।
उन्होंने कहा कि मतदान अधिकारियों के अलावा इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए 5,000 सूक्ष्म पर्यवेक्षक, 50,000 पुलिसकर्मी, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 65 कंपनियां और अन्य राज्यों के राज्य सशस्त्र पुलिस बल भी तैनात किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा, ‘‘ बेंगलुरु ग्रामीण संसदीय क्षेत्र के सभी 2,829 मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्ट किया जाएगा। निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के अनुरोध के अनुरूप ऐसा किया गया है...।’’
उन्होंने कहा कि 30602 मतदान केंद्रों में से 19701 मतदान केंद्रों पर 'वेबकास्ट' जबकि 1370 पर सीसीटीवी की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के खिलाफ दर्ज किये गये 189 मुकदमों में से 23 नफरती भाषण, 28 प्रलोभन और 15 धार्मिक स्थलों के दुरुपयोग समेत आदर्श आचार संहिता के अन्य उल्लंघनों से जुड़े हुए हैं।
राजनीतिक दलों द्वारा कथित आदर्श आचार संहिता के दुरुपयोग के मामलों को लेकर उन्होंने कहा कि नफरती भाषण को लेकर 12 मामले भाजपा और उसके प्रत्याशियों के खिलाफ, नौ मामले कांग्रेस के खिलाफ और दो मामले जद(एस) के खिलाफ दर्ज किये गए हैं।
पहले चरण में उडुपी-चिकमंगलूर, हासन, दक्षिण कन्नड़, चित्रदुर्ग, तुमकुर, मांड्या, मैसूर, चामराजनगर, बेंगलुरु ग्रामीण, बेंगलुरु उत्तर, बेंगलुरु सेंट्रल, बेंगलुरु दक्षिण, चिक्कबल्लापुर और कोलार समेत 14 क्षेत्रों में मतदान होगा।
इन निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 2,88,19,342 मतदाता हैं - जिनमें 1,44,28,099 पुरुष, 1,43,88,176 महिला और 3,067 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।
भाषा रविकांत