नड्डा ने सिद्धरमैया पर नेहा हिरेमथ हत्या मामले को 'कमजोर' करने का आरोप लगाया
शफीक सुरेश
- 21 Apr 2024, 10:44 PM
- Updated: 10:44 PM
हुबली (कर्नाटक), 21 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने 23-वर्षीया कॉलेज छात्रा नेहा हिरेमथ की हत्या मामले की रविवार को सीबीआई जांच की मांग की।
भाजपा अध्यक्ष ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और राज्य के गृहमंत्री जी. परमेश्वर पर नेहा की हत्या की जांच को ‘‘प्रभावित और कमजोर करने’’ का आरोप भी लगाया।
हुबली-धारवाड़ नगर निगम के कांग्रेस पार्षद निरंजन हिरेमथ की बेटी नेहा हिरेमथ (23) की 18 अप्रैल को बीवीबी कॉलेज परिसर में उसके पूर्व सहपाठी फैयाज ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी थी। घटना को लेकर व्यापक स्तर पर विरोध-प्रदर्शन देखने को मिला था।
नड्डा ने नेहा हिरेमथ के घर का दौरा किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। बाद में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पीड़िता को न्याय मिले इसके लिए अगर मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की जरूरत पड़ी तो भाजपा सहयोग करेगी।
नड्डा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दु:ख की इस घड़ी में उनके साथ खड़ा होने के लिए यहां आया हूं। मैंने उनके (नेहा के) पिता से जो सुना और जिस तरह से उनकी मां ने घटना के बारे में बताया, यह बहुत ही हृदय विदारक घटना है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने घटना की निंदा करते हुए मृतक के परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि अगर राज्य पुलिस मामले की जांच करने में असमर्थ है तो वह राज्य सरकार से मामले को सीबीआई को सौंपने का अनुरोध करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और राज्य के गृहमंत्री जी. परमेश्वर पर नेहा की हत्या की जांच को ‘‘प्रभावित और कमजोर करने’’ का आरोप लगाया।
मामले को सांप्रदायिक रंग दिए जाने के बीच सिद्धरमैया ने स्पष्ट किया कि हत्या के पीछे व्यक्तिगत कारण थे, जबकि परमेश्वर ने कहा कि मामले में ‘लव जिहाद’ का कोण नहीं था, जैसा भाजपा ने आरोप लगाया है।
नड्डा ने आरोप लगाया, ‘‘सिद्धरमैया और परमेश्वर के बयानों को देखिए। कोई इसे सामान्य घटना बता रहा है तो कोई इसे हादसा बता रहा है। आप जांच को प्रभावित और कमजोर करना चाहते हैं। अपनी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण आपमें सही बात कहने का साहस नहीं है।’’
भाषा शफीक