जम्मू-कश्मीर: उधमपुर रैली में प्रधानमंत्री मोदी जैसे दिखने वाले व्यक्ति ने लोगों का ध्यान खींचा
संतोष पवनेश
- 12 Apr 2024, 08:25 PM
- Updated: 08:25 PM
(फोटो के साथ)
उधमपुर (जम्मू-कश्मीर), 12 अप्रैल (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे दिखने वाले गुजरात के मूल निवासी अशोक पटेल शुक्रवार को यहां आयोजित चुनावी रैली में लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कट्टर समर्थक पटेल के साथ लोगों ने खूब सेल्फी ली।
उधमपुर संसदीय क्षेत्र में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोदी मैदान में आयोजित इस विशाल चुनावी रैली को प्रधानमंत्री मोदी ने संबोधित किया। उधमपुर लोकसभा सीट पर भाजपा ने फिर से केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को मैदान में उतारा है। इस सीट पर उनके अलावा कांग्रेस के चौधरी लाल सिंह और डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (डीपीएपी) के नेता जीएम सरूरी सहित 11 प्रत्याशी मैदान में हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान में होगा।
सफेद कुर्ता-पायजामा और लाल गमछा पहने पटेल प्रधानमंत्री की रैली में शामिल होने के लिए अपने गृह राज्य गुजरात से यहां पहुंचे। चश्मे, सफेद बाल और दाढ़ी में प्रधानमंत्री मोदी जैसे दिखने वाले पटेल ने लोगों का बरबस ध्यान खींचा।
पटेल ने रैली में ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मेरा चेहरा हमारे प्रधानमंत्री से मिलता है और लोग मेरे साथ सेल्फी ले रहे हैं।’’
पटेल ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने से पहले भी मैने उनके लिए निर्वाचन क्षेत्र में काम किया था।
उन्होंने कहा कि वह 2014 से मोदी के प्रचार के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में जा रहे हैं और उन लोगों को निराश नहीं करते जो उनके साथ सेल्फी लेना चाहते हैं।
देश में लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद जम्मू-कश्मीर में प्रधानमंत्री की यह पहली चुनावी रैली थी, लेकिन इस साल केंद्र शासित प्रदेश में उनकी यह तीसरी रैली थी।
मोदी ने 20 फरवरी को जम्मू में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित किया था और सात मार्च को कश्मीर घाटी में पांच साल में अपनी पहली रैली को संबोधित किया।
मोदी के एक अन्य समर्थक सतीश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अनुच्छेद 370 को निरस्त करने, राम मंदिर का निर्माण, गरीबों को मुफ्त राशन प्रदान करने और गरीबी रेखा से नीचे के निवासियों के लिए घर बनाने के अपने सभी वादे पूरे किए।
कठुआ जिले के भाजपा कार्यकर्ता मुस्तफा कुरेशी ने गुज्जर और बकरवाल समुदायों को न्याय दिलाने के लिए मोदी की सराहना की और कहा कि अनुच्छेद 370 को निरस्त करने से जम्मू-कश्मीर में वन अधिकार अधिनियम का विस्तार सुनिश्चित हुआ।
भाषा संतोष