राजस्थान में अब तक 1,185 से अधिक अवैध हथियार जब्त, 1.55 लाख लाइसेंसी हथियार जमा
राजकुमार
- 12 Apr 2024, 06:26 PM
- Updated: 06:26 PM
जयपुर, 12 अप्रैल (भाषा) लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर राजस्थान पुलिस ने अब तक 1,185 से अधिक अवैध हथियार जब्त किए हैं जबकि राज्य में 1.55 लाख लाइसेंसी हथियार जमा कराए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त प्रवीण गुप्ता ने बताया कि लोकसभा चुनाव घोषित होने के बाद 16 मार्च से राज्य में आचार संहिता लागू होने के साथ ही राजस्थान पुलिस अवैध हथियारों तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़, लाइसेंसी हथियारों को जमा करने तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें पाबंद करने की कार्यवाही कर रही है।
गुप्ता के अनुसार इसी क्रम में पुलिस ने अब तक 1,185 अवैध हथियार जब्त किए हैं तथा 1.55 लाख से अधिक लाइसेंसी हथियार जमा किए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस रिपोर्ट के हवाले से बताया कि राजस्थान में अब तक 1,185 अवैध हथियारों के साथ ही 2,303 कारतूस, 4,129 किलो विस्फोटक पदार्थ और सात आईईडी (बम) जब्त किए गए हैं। उनके अनुसार एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री पर छापे की कार्रवाई भी की गई है।
गुप्ता ने बताया कि प्रदेश भर में कुल 1,62,777 लाइसेंसशुदा हथियारों में से 1,55,373 हथियार विभिन्न पुलिस थानों में जमा करवाए गए हैं तथा कुल 1,692 हथियार लाइसेंस निरस्त किए गए हैं एवं 51 लाइसेंसी हथियारों को जब्त किया गया है।
उन्होंने एक बयान में बताया कि राजस्थान में भयमुक्त, निष्पक्ष एवं भेदभाव मुक्त चुनाव करवाने के लिए प्रदेश भर में क़ानून-व्यवस्था की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है और पुलिस ने 1.70 लाख से अधिक लोग पाबन्द किया है। उनके मुताबिक इनमें से 51,362 लोगों को अपराध प्रक्रिया संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत पाबंद किया गया है।
राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीट-- गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा। दूसरे चरण में 13 सीट-- टोंक, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़ पर 26 अप्रैल को मतदान होगा।
भाषा पृथ्वी कुंज