हरियाणा में स्कूल बस हादसे की जांच के लिए समिति गठित
संतोष नरेश
- 12 Apr 2024, 05:06 PM
- Updated: 05:06 PM
चंडीगढ़, 12 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के महेंद्रगढ़ में बृहस्पतिवार को हुए स्कूल बस हादसे की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है। इस हादसे में छह स्कूली विद्यार्थियों की मौत हो गई थी और करीब 20 विद्यार्थी घायल हुए थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने निजी स्कूल के प्रधानाचार्य और बस के चालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। चालक कथित तौर पर नशे में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए गहन जांच के तहत महेंद्रगढ़ की उपायुक्त मोनिका गुप्ता द्वारा समिति का गठन किया गया है।
गुप्ता की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक आदेश में कहा गया है, ‘‘उस दुखद घटना के आलोक में, जहां कनीना के जीएल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों को ले जा रही एक स्कूल बस उन्हाणी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिससे छह विद्यार्थियों की जान चली गई और कई विद्यार्थी घायल हो गए, यह जरूरी है कि गहन जांच की जाए ताकि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।’’
आदेश में कहा गया है कि मामले की जांच के लिए महेंद्रगढ़ के अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है और जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है ताकि तदनुसार आगे की जरूरी कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक अन्य आदेश के अनुसार, संबंधित अनुमंडलीय मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में स्कूल बसों का निरीक्षण करने के लिए सरकार द्वारा गठित महेंद्रगढ़ जिले की अनुमंडलीय स्तर की समितियां यह सुनिश्चित करेंगी कि शुक्रवार से स्कूल बसों की सुरक्षा के लिए तैयार किए गए अपेक्षित मानदंडों को पूरा किए बिना कोई भी स्कूल बस बच्चों के परिवहन में शामिल नहीं हो सके।
यह दुर्घटना महेंद्रगढ़ के कनीना के उन्हाणी गांव के पास उस समय हुई जब बस लगभग 40 विद्यार्थियों को जी एल पब्लिक स्कूल ले जा रही थी।
पुलिस ने कहा था कि चालक को दुर्घटनास्थल पर पकड़ लिया गया और उसकी चिकित्सकीय जांच से पुष्टि हुई कि वह शराब के नशे में था। उन्होंने यह भी कहा कि बस से जुड़े फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य दस्तावेज नहीं थे।
भाषा संतोष