दिल्ली के शाहीन बाग में जूतों के ‘शोरूम’ में लगी आग, कोई हताहत नहीं
प्रीति दिलीप
- 22 Mar 2025, 08:57 PM
- Updated: 08:57 PM
(तस्वीर के साथ जारी)
नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में शनिवार सुबह जूतों के एक ‘शोरूम’ में आग लग गई, जिससे इलाके में यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि ‘बाटा’ के ‘शोरूम’ में आग लगने की सूचना शनिवार पूर्वाह्न 11 बजकर 17 मिनट पर मिली थी।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की छह गाड़ियों को भेजा गया था, लेकिन अब 12 वाहन मौके पर मौजूद हैं। अग्निशमन कर्मियों के अनुसार, आग पर काबू पाने में अभी और समय लगेगा क्योंकि वे इमारत की पहली मंजिल तक नहीं पहुंच पाए हैं।
डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘इमारत का तहखाना और प्रथम तल आग की चपेट में है। हमारी टीम आग को पूरी तरह से बुझाने के लिए काम कर रही हैं, लेकिन इसमें और समय लगेगा, क्योंकि दमकलकर्मी पहली मंजिल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि टीम को छह पर चढ़ना होगा और वे देख रहे हैं कि कैसे पहली मंजिल पर पहुंच सकते हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘पहली मंजिल का दरवाजा लोहे का बना है और कोई प्रवेश या निकास बिंदु नहीं है, जिसके चलते आग बुझाने का अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया है।’’
उन्होंने बताया कि इलाके की घेराबंदी कर दी गई है तथा आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
डीएफएस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हम इमारत ढहने की आशंका के मद्देनजर प्रोटोकॉल का पालन कर रहे हैं। हमने इलाके की घेराबंदी कर दी है, ताकि कोई घायल न हो।’’
उन्होंने कहा कि अग्निशमनकर्मी यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि आग अन्य इमारतों तक न फैले।
आग बुझाने के अभियान के कारण इलाके में यातायात बाधित हो गया।
एक यात्री ने बताया कि इलाके के पास तीन किलोमीटर तक यातायात बाधित है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आग के बारे में जानकारी मिलते ही विभिन्न थानों से पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘पुलिस दल अग्निशमन कर्मियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हमारे दल इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं। यातायात पुलिस ने वाहनों का मार्ग बदल दिया है, ताकि दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंच सकें।’’
भाषा
प्रीति