जर्मनी ने गाजा में नरसंहार के कृत्यों को बढ़ावा देने के आरोपों को किया खारिज
एपी सुभाष मनीषा
- 09 Apr 2024, 05:29 PM
- Updated: 05:29 PM
हेग, नौ अप्रैल (एपी) जर्मनी ने संयुक्त राष्ट्र की शीर्ष अदालत में निकारागुआ द्वारा दायर एक मामले में लगाये गए उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया है कि गाजा पर घातक हमले के लिए इजराइल को हथियार एवं अन्य सहायता मुहैया कर बर्लिन जिनेवा समझौता और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के उल्लंघन को बढ़ावा दे रहा है।
जर्मनी की कानूनी टीम के सदस्य क्रिस्टियन टैम्स ने अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में 16 न्यायाधीशों के पैनल से कहा, ‘‘निकारागुआ के आरोप बेबुनियाद हैं।’’
सोमवार को निकारागुआ ने न्यायाधीशों से इजराइल को जर्मन सैन्य सहायता रोकने का आग्रह करते हुए दलील दी थी कि बर्लिन के सहयोग ने गाजा में नरसंहार के कृत्यों और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के उल्लंघनों को बढ़ावा दिया।
जर्मन कानूनी टीम की प्रमुख तानिया वोन उसलार-ग्लेसेन ने कहा, ‘‘निकारागुआ का दावा बेबुनियाद है। वे इजराइल द्वारा किये गए आकलन पर निर्भर हैं, जो इन कार्यवाहियों में पक्षकार नहीं है।’’
सोमवार और मंगलवार को प्राथमिक सुनवाई अस्थायी उपायों के लिए निकारागुआ के अनुरोध पर मुख्य रूप से केंद्रित रही। इन उपायों में, इजराइल को सैन्य या अन्य सहायता रोकने के लिए बर्लिन को अदालती आदेश और गाजा में संयुक्त राष्ट्र की सहायता एजेंसी को वित्तपोषण फिर से शुरू करना शामिल है।
टैम्स ने कहा कि जर्मनी ने अक्टूबर से इजराइल को हथियारों की केवल चार खेप निर्यात की हैं जिनमें से तीन परीक्षण एवं अभ्यास उपकरण से संबंधित हैं।
निकारागुआ का मामला गाजा पर इजराइली आक्रमण को रोकने की एक नवीनतम कानूनी कोशिश है। पिछले साल के आखिर में इसी अदालत में, दक्षिण अफ्रीका ने इजराइल पर नरसंहार का आरोप लगाया था।
सोमवार की सुनवाई में, नीदरलैंड में नियुक्त निकारागुआ के राजदूत कार्लोस जोस अरगुएलो गोमेज ने जर्मनी पर नरसंहार रोकने के अपने दायित्वों को पूरा करने या अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन सुनिश्चित करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया था।
इजराइल ने इस बात से इनकार किया है कि इसके हमले नरसंहार के कृत्य हैं। उसने कहा है कि हमास नीत चरमपंथियों के सात अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल में हमला करने के बाद यह आत्मरक्षा में उठाया गया कदम है।
उस हमले में करीब 1,200 लोग मारे गए थे, जिसके बाद गाजा में इजराइली हमलों में 33,000 से अधिक फलस्तीनी मारे गए हैं।
एपी सुभाष