‘जन-केंद्रित’ सरकार कैसे चलायी जाती है, मोदी सरकार के 10 वर्ष इसका प्रमाण हैं: परनीत कौर
अमित नरेश
- 07 Apr 2024, 09:56 PM
- Updated: 09:56 PM
चंडीगढ़, सात अप्रैल (भाषा) पटियाला लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार परनीत कौर ने रविवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के दस साल इस बात का प्रमाण हैं कि "जन-केंद्रित" सरकार कैसे चलायी जाती है।
कौर रविवार को पटियाला के पातरां में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थीं। पटियाला लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रहीं कौर ने कहा कि उन्हें लोगों से अपार समर्थन मिल रहा है।
भाजपा नेता कौर ने कहा, ‘‘मुझे सभी वर्गों से जो जबरदस्त प्यार और समर्थन मिल रहा है, यह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की विकास-केंद्रित नीतियों के प्रति लोगों के व्यापक सम्मान को दर्शाता है।''
उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल स्पष्ट है कि देश का ‘मूड’ भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में है। कौर ने कहा, "मोदी सरकार के 10 साल इस बात का प्रमाण हैं कि कैसे एक जन-केंद्रित सरकार चलायी जाती है। मोदी जी ने कई योजनाएं शुरू की हैं जो देश भर में लाखों लोगों को सीधा लाभ पहुंचा रही हैं।"
पिछले साल कांग्रेस द्वारा निलंबित किए जाने के एक साल बाद कौर पिछले महीने भाजपा में शामिल हुई थीं। उनके पति एवं पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के भाजपा में शामिल होने के तुरंत बाद कांग्रेस से उनका निलंबन हुआ।
उन्होंने कहा,‘‘अबकी बार 400 पार' का नारा निश्चित रूप से 4 जून को सच होने जा रहा है। इस बार, पंजाब के लोग लोकसभा चुनाव में एक बड़ी भूमिका निभाने जा रहे हैं और मुझे यकीन है कि वे पूरे राज्य में भाजपा को वोट देंगे।’’
केंद्र की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रहीं कौर ने विश्वास जताया कि पटियाला और पंजाब के लोग आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा की "निश्चित" जीत में बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।
किसानों के विरोध पर एक सवाल के जवाब में कौर ने कहा, "लोकतांत्रिक समाज में हर किसी को विरोध करने और अपनी बात कहने का अधिकार है। हमारे किसान हमारे 'अन्नदाता' हैं और मैं और मेरा परिवार, खासकर कैप्टन अमरिंदर सिंह जी ने हमेशा से उनके अधिकारों की वकालत की और उनके लिए खड़े हुए।"
उन्होंने कहा, "उनके निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में, मैंने हमेशा उनकी मांगों को केंद्र सरकार के ध्यान में लाने की कोशिश की है और भविष्य में भी ऐसा करना जारी रखूंगी।"
भाषा अमित