मारुति सुजुकी इंडिया का तीसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़कर 3,727 करोड़ रुपये
निहारिका रमण
- 29 Jan 2025, 05:19 PM
- Updated: 05:19 PM
नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) मारुति सुजुकी इंडिया का चालू वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़कर 3,727 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का गत वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में मुनाफा 3,207 करोड़ रुपये रहा था।
मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया, समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन आय बढ़कर 38,764 करोड़ रुपये हो गई जो गत वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 33,513 करोड़ रुपये थी।
कंपनी का एकल आधार पर शुद्ध लाभ 3,525 करोड़ रुपये रहा, जो 2023-24 की तीसरी तिमाही के 3,130 करोड़ रुपये से 13 प्रतिशत अधिक है।
मारुति सुजुकी तीसरी तिमाही में कुल 5,66,213 वाहन बेचे, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। घरेलू बाजार में बिक्री 4,66,993 इकाई रही, जबकि निर्यात 99,220 इकाई रहा जो किसी भी तिमाही में अब तक का सर्वाधिक है।
कंपनी ने कहा कि मार्च-दिसंबर अवधि के लिए उसने नौ महीनों में अपनी सर्वाधिक बिक्री मात्रा, शुद्ध बिक्री और शुद्ध लाभ दर्ज किया।
मोटर वाहन प्रमुख ने इस अवधि में कुल 1,629,631 इकाइयां बेचीं, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में पांच प्रतिशत अधिक है। घरेलू बाजार में बिक्री 1,382,135 इकाई तथा निर्यात 247,496 इकाई रहा।
मारुति ने 31 दिसंबर 2024 को समाप्त नौ महीनों के लिए 10,244 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 9,331 करोड़ रुपये था।
इस बीच, कंपनी ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने सुजुकी मोटर गुजरात को मोटर वाहन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी में विलय करने की योजना को मंजूरी दे दी है।
वहीं मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के निदेशक मंडल ने हिसाशी ताकेउची को एक अप्रैल 2025 से तीन साल की अतिरिक्त अवधि के लिए प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के रूप में फिर से नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
मारुति सुजुकी ने शेयर बाजार को अलग से दी सूचना में बताया, निदेशक मंडल ने 29 जनवरी 2025 को बैठक में 31 मार्च 2028 तक तीन साल की अतिरिक्त अवधि के लिए ताकेउची की प्रबंध निदेशक एवं सीईओ के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी।
भाषा निहारिका