निलंबन विवाद के बीच बालोगुन रहे बेअसर
आनन्द
- 07 Jul 2026, 04:49 PM
- Updated: 04:49 PM
(शीर्षक में सुधार के साथ रिपीट)
सिएटल , सात जुलाई (एपी) विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम के खिलाफ अमेरिका के स्ट्राइकर फोलारिन बालोगुन की मैदान पर मौजूदगी ने जितनी सुर्खियां बटोरीं, उनका प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा और अमेरिका को सोमवार को खेले गए मुकाबले में बेल्जियम के हाथों 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।
इस विश्व कप में तीन गोल करने वाले बालोगुन बेल्जियम के खिलाफ कोई गोल नहीं कर सके।
पच्चीस साल के इस खिलाड़ी को बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ पिछले मैच में 'रेड कार्ड' मिलने के कारण उन पर अगले मुकाबले का स्वतः प्रतिबंध लग गया था। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप के बाद फीफा ने उनका निलंबन हटाते हुए उन्हें बेल्जियम के खिलाफ खेलने की अनुमति दे दी।
फीफा के इस फैसले ने विश्व फुटबॉल में तीखी बहस छेड़ दी। यूरोपीय फुटबॉल महासंघ (यूईएफए) ने इसे खेल की निष्पक्षता के लिए खतरा बताते हुए कहा कि फीफा ने 'सीमा लांघ दी', जबकि बेल्जियम फुटबॉल महासंघ ने भी बालोगुन की पात्रता को चुनौती दी।
बालोगुन भले ही गोल करने में सफल नहीं रहे, लेकिन 31वें मिनट में अमेरिका के एकमात्र गोल में उनकी अहम भूमिका रही। बेल्जियम के डिफेंडर ब्रैंडन मेकेले ने अमेरिका के गोल से लगभग 25 गज दूर उन्हें फाउल कर दिया, जिसके बाद मिली फ्री-किक पर मलिक टिलमैन ने शानदार गोल दागा।
इस गोल से ठीक पहले बालोगुन ने हाथ लहराकर अमेरिका के समर्थकों का उत्साह भी बढ़ाया। मैच के दौरान अमेरिका के खिलाड़ियों ने कई बार उन्हें आक्रमण का केंद्र बनाने की कोशिश की। उन्होंने अपनी रफ्तार का अच्छा इस्तेमाल किया, लेकिन बेल्जियम के अनुभवी गोलकीपर थिबो कोर्टुआ को भेदने में नाकाम रहे।
उनका सबसे अच्छा मौका 82वें मिनट में आया, जब उन्होंने बाएं पैर से शॉट लगाया, लेकिन कोर्टुआ ने शानदार बचाव कर दिया। इंजुरी टाइम के दूसरे मिनट (92वें) में उनकी जगह हाजी राइट को मैदान पर उतारा गया।
बोस्निया-हर्जेगोविना के खिलाफ प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी के टखने पर पैर रखने के कारण बालोगुन को रेड कार्ड दिखाया था। इसके साथ ही उन पर एक मैच का स्वतः प्रतिबंध लग गया था।
इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैन्टिनो से फोन पर बातचीत की। रविवार को फीफा की अनुशासन समिति ने प्रतिबंध को एक वर्ष की अवधि के लिए स्थगित कर दिया, जिससे बालोगुन बेल्जियम के खिलाफ खेलने के पात्र हो गए।
बालोगुन ने इस विश्व कप का समापन तीन गोलों के साथ किया। उन्होंने 2010 विश्व कप में लैंडन डोनोवन के तीन गोल के अमेरिकी रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। विश्व कप में अमेरिका के लिए सबसे अधिक चार गोल करने का रिकॉर्ड अब भी बर्ट पैटेनॉड (1930) के नाम दर्ज है।
यह बालोगुन का अमेरिका के लिए पहला विश्व कप था। वह 1930 के बाद विश्व कप के एक ही मैच में दो गोल करने वाले पहले अपने देश के खिलाड़ी भी बने। वह हालांकि टीम को लगातार दूसरी बार नॉकआउट चरण में जीत दिलाने का सपना पूरा नहीं कर सके।
अमेरिका अपनी घरेलू सरजमी पर विश्व कप के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर सका। टीम का 2002 में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना फीफा विश्व कप का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
एपी आनन्द आनन्द पंत
पंत
आनन्द
0707 1649 सिएटल