छत्तीसगढ़: इमारत के निर्माण के दौरान हुए हादसे में दो मजदूरों की मौत, छह अन्य मजदूर घायल
यासिर माधव
- 11 Jan 2025, 09:58 PM
- Updated: 09:58 PM
(तस्वीरों सहित)
रायपुर, 11 जनवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शनिवार को एक निर्माणाधीन इमारत में 'स्लैब' डालने के दौरान निर्माण कार्य के लिए तैयार ढांचा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई और छह अन्य मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रायपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना वीआईपी रोड पर विशाल नगर इलाके में हुई, जहां एक बहुमंजिला इमारत का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे इमारत की आठवीं मंजिल पर ‘स्लैब’ डालने का कार्य किया जा रहा था, तभी निर्माणकार्य के लिए बनया गया ढांचा टूटकर जमीन पर गिर गया।
उन्होंने कहा, ‘‘लोहे की सरियाओं के बीच और निर्माण सामग्री के मलबे में फंसे आठ श्रमिकों को बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। उनमें से दो की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।’’
पुलिस ने पहले बताया था कि इस घटना में 10 श्रमिक घायल हुए हैं।
रायपुर के पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह ने बताया कि छह घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि बाद में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मी भी उनके साथ शामिल हो गए।
एसपी ने बताया कि जानकारी के अनुसार, मलबे में फिलहाल कोई भी मजदूर नहीं फंसा है, लेकिन अगले कुछ घंटों में मलबा साफ होने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अधिकारियों ने बताया कि निर्माणाधीन इमारत एक निजी डेवलपर कंपनी की है, जिसने प्रत्येक मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है।
मजदूर प्रद्युम ने बताया कि वह भूतल पर काम कर रहा था, तभी उसने धातुओं के जमीन पर गिरने की तेज आवाज सुनी।
उन्होंने कहा, ‘‘जहां ‘स्लैब’ डालने का काम किया जा रहा था, वहां कुछ मजदूर ऊपर से गिर गए। जमीन पर मौजूद कुछ मजदूर मलबे के नीचे फंस गए। मैं और वहां मौजूद अन्य लोग उन्हें बाहर निकालने में जुट गए।’’
इस बीच, कुछ श्रमिकों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के कोई उपाय नहीं थे।
एसपी सिंह ने कहा कि सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी और निष्कर्षों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
भाषा यासिर