अजरबैजान के विमान को रूस ने मार गिराया, पर ऐसा जानबूझकर नहीं किया गया: राष्ट्रपति अलीयेव
प्रीति सुरेश
- 29 Dec 2025, 11:48 PM
- Updated: 11:48 PM
बाकू, 29 दिसंबर (एपी) अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने रविवार को कहा कि पिछले सप्ताह दुर्घटनाग्रस्त हुए अजरबैजान के विमान को रूस ने मार गिराया था, हालांकि ऐसा अनजाने में हुआ था।
अलीयेव ने अजरबैजान के सरकारी टेलीविजन को बताया कि विमान पर रूस की जमीन से हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि विमान को जानबूझकर नहीं गिराया गया था।
हालांकि, उन्होंने रूस पर कई दिनों तक इस मामले को दबाये रखने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
अलीयेव ने कहा, ‘‘हम पूरी स्पष्टता के साथ कह सकते हैं कि विमान को रूस ने मार गिराया था। हम यह नहीं कह रहे हैं कि यह जानबूझकर किया गया था, लेकिन ऐसा किया गया था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश, पहले तीन दिन तक हमें रूस से केवल भ्रामक बयानों के अलावा कुछ नहीं सुनने को मिला।’’
कजाकिस्तान में अकताऊ शहर के निकट अजरबैजान एयरलाइन का एक विमान बुधवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिससे उसपर सवार 67 में से 38 लोगों की मौत हो गई थी।
अलीयेव ने कहा कि अजरबैजान ने दुर्घटना के संबंध में रूस से तीन मांगें की हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सबसे पहले, रूसी पक्ष को अजरबैजान से माफी मांगनी चाहिए। दूसरा, उसे अपना अपराध स्वीकार करना चाहिए। तीसरा, दोषियों को सजा देनी चाहिए और अजरबैजान सरकार, घायल यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मुआवजा देना चाहिए।’’
अलीयेव ने कहा कि पहली मांग ‘‘पहले ही पूरी हो चुकी है’’ जब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शनिवार को उनसे माफी मांगी। पुतिन ने दुर्घटना को ‘‘दुखद घटना’’ बताया है।
अलीयेव ने कहा कि इस घटना की जांच की जा रही है और ब्लैक बॉक्स खुलने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
उन्होंने कहा कि अजरबैजान ने हमेशा से दुर्घटना की जांच के लिए ‘‘अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के एक समूह’’ पर ही सहमति जताई है।
उन्होंने रूस के इस सुझाव को ‘‘स्पष्ट रूप से अस्वीकार’’ कर दिया, जिसमें उसने अंतरराज्यीय विमानन समिति से इस घटना की जांच कराने के लिए कहा था। यह समिति स्वतंत्र राष्ट्रों के राष्ट्रमंडल में नागरिक विमानन की देखरेख करती है।
अलीयेव ने कहा, ‘‘इस संगठन में ज़्यादातर रूसी अधिकारी शामिल हैं और इसका नेतृत्व रूसी नागरिक करते हैं। यहां निष्पक्षता के कारकों को पूरी तरह से सुनिश्चित नहीं किया जा सका है।’’
रूसी राष्ट्रपति भवन ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रविवार को रूसी सरकारी मीडिया को बताया कि पुतिन ने अलीयेव से फिर फोन पर बात की है, लेकिन उन्होंने बातचीत का विवरण नहीं दिया।
क्रेमलिन ने यह भी कहा कि कजाकिस्तान के अकताऊ शहर के पास दुर्घटना स्थल पर रूस, अजरबैजान और कजाकिस्तान द्वारा संयुक्त जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा
प्रीति