रुपया तीन पैसे टूटकर 84.94 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर
राजेश राजेश अजय
- 18 Dec 2024, 09:36 PM
- Updated: 09:36 PM
मुंबई, 18 दिसंबर (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बुधवार को तीन पैसे टूटकर 84.94 प्रति डॉलर के अपने सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ। इस बीच, कारोबारियों को ब्याज दर के मोर्चे पर अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के निर्णय का इंतजार है।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि आयातकों तथा विदेशी बैंकों की ओर से डॉलर की मजबूत मांग और घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती के रुख से निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित रही।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.92 प्रति डॉलर पर खुला। दिन में कारोबार के दौरान यह 84.95 प्रति डॉलर तक आ गया था। अंत में यह तीन पैसे टूटकर अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.94 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
रुपया मंगलवार को 84.91 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि कमजोर घरेलू बाजारों और अर्थव्यवस्था में सुस्ती की चिंताओं के कारण रुपया नकारात्मक रुख के साथ कारोबार करेगा। मजबूत डॉलर और एफआईआई की निकासी से रुपये पर और दबाव पड़ सकता है।’’
कारोबारी अमेरिका के चालू खाते के शेष और आवास क्षेत्र के आंकड़ों से संकेत ले सकते हैं। निवेशक फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के फैसले पर भी नजर रख सकते हैं। अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती करके इसे 4.5 प्रतिशत किये जाने की उम्मीद है।
चौधरी ने कहा, ‘‘डॉलर:रुपया हाजिर कीमत के 84.75 से 85.20 के बीच कारोबार करने की उम्मीद है।’’
इसके अलावा, बढ़ते व्यापार घाटे ने रुपये पर दबाव बढ़ा दिया है। व्यापार घाटे में यह वृद्धि मुख्य रूप से नवंबर में रिकॉर्ड सोने के आयात के कारण हुई है।
नवंबर में भारत का निर्यात साल-दर-साल 4.85 प्रतिशत घटकर 32.11 अरब डॉलर रह गया, जबकि सोने के आयात में रिकॉर्ड उछाल के कारण व्यापार घाटा बढ़कर 37.84 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंच गया।
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 107 पर रहा।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.63 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 502.25 अंक की गिरावट के साथ 80,182.20 अंक पर बंद हुआ।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बुधवार को शुद्ध रूप से 1,316.81 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
भाषा राजेश राजेश