राहुल गांधी ने प्रचार रैली में मोदी की आलोचना करने से किया परहेज
अमित दिलीप
- 03 Nov 2024, 07:48 PM
- Updated: 07:48 PM
वायनाड (केरल) तीन नवंबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अन्य की आलोचना करने से परहेज किया, लेकिन परिवार और अपनी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के बारे में अधिक बात की, जो वायनाड लोकसभा उपचुनाव में पार्टी की उम्मीदवार हैं।
राहुल गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान के तहत यहां अपनी बहन प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ एक संयुक्त रैली की। उन्होंने रैली के दौरान कहा कि प्रियंका अपने भाषण के दौरान पहले ही प्रधानमंत्री मोदी के बारे में बोल चुकी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘और वैसे भी, उन्होंने (प्रियंका गांधी) पहले ही श्री मोदी का जिक्र कर दिया है और हम सभी उनसे ऊब चुके हैं...फिर उनका दो बार जिक्र क्यों करना।’’
प्रियंका गांधी ने इससे पहले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी पर लोगों की भलाई के बजाय बड़े व्यापारिक हितों को तरजीह देने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इस रैली में मेरे सामने दो विकल्प हैं, या तो मैं कोई राजनीतिक संदेश दूं या फिर अपने परिवार के सदस्यों से बात करूं। मैं आपसे वैसे ही बात करना चाहूंगा, जैसे मैं अपने परिवार से करता हूं। मैं उम्मीदवार के बारे में अधिक भाषण देना चाहूंगा।’’
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मेरी बहन हमेशा से ही प्रचार करती रही है। वह कभी चुनाव नहीं लड़ी। इससे आपको उसके चरित्र के बारे में कुछ पता चल जाएगा।’’
उन्होंने बचपन की अपनी पुरानी यादों को साझा किया जब दोनों (राहुल और प्रियंका) ने अपने पिता (दिवंगत राजीव गांधी) द्वारा उपहार में दिए गए कैमरों का उपयोग करके सर्वश्रेष्ठ तस्वीर खींचने को लेकर एक-दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा की थी। राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मुझे अभी भी याद नहीं है कि प्रतियोगिता किसने जीती थी.. ठीक है.. वह (प्रियंका) अब कह रही है कि मैं जीता।’’
उन्होंने कहा कि प्रियंका ने तस्वीरें लेने वाली छोटी लड़की से लेकर एक लंबी दूरी तय की है।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘वह समझती हैं कि खूबसूरती यह है कि हर किसी के पास लाखों-करोड़ों गुण होते हैं, हर एक व्यक्ति अनूठा होता है, हर चीज अनूठी होती है - किसी को कमजोरी दिखाई दे सकती है, वह ताकत देखेगी - ये मेरी बहन है।’’
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि प्रियंका उनसे ज्यादा भूमिकाएं निभा सकती हैं।
वायनाड लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव इसलिए जरूरी हो गया, क्योंकि यहां से और रायबरेली निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीतने वाले राहुल गांधी ने वायनाड सीट छोड़ने का फैसला किया। वायनाड में 13 नवंबर को मतदान होगा।
भाषा
अमित