केपीसीसी अध्यक्ष ने कोझिकोड में पार्टी के बागियों को धमकी दी
सिम्मी नरेश
- 26 Oct 2024, 03:18 PM
- Updated: 03:18 PM
कोझिकोड (केरल), 26 अक्टूबर (भाषा) केरल प्रदेश कांग्रेस पार्टी (केपीसीसी) अध्यक्ष के. सुधाकरन ने यहां एक स्थानीय सहकारी बैंक के चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ खड़े होने वाले बागियों के एक गुट को शनिवार को धमकी दी।
सुधाकरन ने यह बयान ऐसे समय में दिया जब हाल में कांग्रेस ने चेलक्करा और पलक्कड़ विधानसभा सीट के लिए 13 नवंबर को निर्धारित उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों का विरोध करने वाले सदस्यों को निष्कासित कर दिया था।
कन्नूर के सांसद ने कहा कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता सहकारी बैंकों को आजीविका का साधन बना रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस विफल होती है तो उन्हें क्षेत्र में रहने नहीं दिया जाएगा। इसलिए याद रखें कि क्या आप अपना जीवन चाहते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं को नौकरी देने के बजाय उन्होंने एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) और भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) कार्यकर्ताओं को नौकरियां दीं।’’
कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख ने शनिवार को कोझिकोड में ‘चेवयुर सेवा सहकारी बैंक’ के चुनाव के तहत आयोजित पार्टी सम्मेलन में अपने भाषण के दौरान यह विवादास्पद टिप्पणी की।
सुधाकरन ने आगे कहा, ‘‘हम चेवयुर सहकारी बैंक को एक और करुवन्नूर बैंक नहीं बनने देंगे, जो करोड़ों रुपये के घोटाले में फंस गया है। एक गुट माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) की सहायता से बैंक के प्रशासन को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। उनकी योजनाएं विफल होंगी। कांग्रेस फिर से सत्ता में आएगी और जिन्होंने हमारे साथ विश्वासघात किया है, उन्हें परिणाम भुगतने होंगे।’’
कांग्रेस शासित चेवयूर सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष जी सी प्रशांत के निलंबन के बाद बैंक का चुनाव पार्टी के लिए चिंता का विषय बन गया है। इस निलंबन के विरोध में कोझिकोड के लगभग 50 पार्टी नेताओं ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) के अध्यक्ष स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं के हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं और निहित स्वार्थों को ध्यान में रखते हुए पार्टी पदाधिकारियों की नियुक्ति कर रहे हैं।
इस बीच, कोझिकोड डीसीसी ने केपीसीसी अध्यक्ष को समर्थन दिया है क्योंकि पार्टी को किसी भी कीमत पर बैंक का प्रशासन बरकरार रखना है।
भाषा सिम्मी