बेंगलुरु के बाढ़ प्रभावित ‘अपार्टमेंट’ के निवासियों को जबरन स्थानांतरित करना पड़ सकता है: शिवकुमार
यासिर प्रशांत
- 23 Oct 2024, 07:19 PM
- Updated: 07:19 PM
बेंगलुरु, 23 अक्टूबर (भाषा) बेंगलुरु में लगातार हो रही बारिश के बीच बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) द्वारा केंद्रीय विहार ‘अपार्टमेंट’ परिसर को अगले सात दिनों के लिए सील किए जाने के निर्णय लेने के बाद उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि सहयोग करने से इनकार कर रहे कुछ स्थानीय निवासियों से उनकी सुरक्षा और हित को ध्यान में रखते हुए प्राधिकारियों द्वारा परिसर को जबरन खाली कराना पड़ सकता है।
इसके अलावा 603 घरों वाले परिसर का दौरा करने वाले बेंगलुरु विकास मंत्री शिवकुमार ने कहा कि अधिकतर निवासियों को स्थानांतरित कर दिया गया है और उनके रहने के लिए सुविधाएं उपलब्ध करा दी गई हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘संभवतः येलहांका के करीब 115 से 120 साल के इतिहास में इतनी बारिश कभी नहीं हुई, अब तक केवल चार बार बेंगलुरु में इतनी बारिश हुई है। पानी निकाला जा रहा है। इस इमारत में आठ खंडों में लगभग 603 ‘फ्लैट’ हैं। निगम के माध्यम से हमने इसे अपने कब्जे में ले लिया है, हम पानी और बिजली की आपूर्ति करने में असमर्थ हैं।’’
पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 95 प्रतिशत निवासियों ने सहयोग किया और कल्याण संघ की मदद से घर खाली कर दिया है, अधिकारियों के अनुसार करीब 20 घर अब भी बिजली आपूर्ति न होने के बावजूद संभवत: अपनी भावनाओं के कारण वहां रह रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हम इंतजार नहीं कर सकते। कल ही पुलिस, अधिकारियों और संघ के सदस्यों तथा चिकित्सकों को वहां रह रहे लोगों को बाहर निकालने, दरवाजे खोलने और उन्हें रहने के लिए आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे... बिजली और पानी की आपूर्ति नहीं है, पता नहीं कि उनके पास भोजन है या नहीं, फिर भी वे इतने प्रयासों के बावजूद बाहर आने को तैयार नहीं हैं। इसलिए हमें उन्हें जबरन वहां से उठाना होगा।’’
भारी बारिश और बाढ़ की आशंका के बीच बीबीएमपी ने मंगलवार को आवासीय परिसर को खाली करने का आदेश दिया था।
बचाव दलों ने मंगलवार को येलहांका झील के पास स्थित अपार्टमेंट से सैकड़ों निवासियों को निकाला। यहां परिसर के भूमिगत हिस्से में कई वाहन पूरी तरह से जलमग्न हो गए।
शिवकुमार ने कहा, ‘‘...जो लोग अपार्टमेंट में हैं उन्हें भी बाहर आना होगा, भले ही वे वृद्ध हों। उन्हें होटल में लगभग एक सप्ताह या 10 दिनों के लिए सुविधाएं प्रदान की जाएंगी...।
भाषा यासिर