राजस्थान में आपराधिक घटनाओं में तेजी से कमी आई है: मुख्यमंत्री भजनलाल
कुंज खारी
- 10 Oct 2024, 11:51 PM
- Updated: 11:51 PM
जयपुर, 10 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि पुलिस विभाग की सतर्कता के कारण राज्य में आपराधिक घटनाओं में पिछले साल की तुलना में ‘‘तेजी से कमी’’ आई है।
गृह विभाग की समीक्षा बैठक में बताया गया कि राज्य में अपराधों में 7.3 प्रतिशत की कमी आई है। एक विज्ञप्ति में कहा गया कि महिलाओं के खिलाफ अत्याचारों में 8.8 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी तथा अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के खिलाफ अत्याचार के मामलों में 13.96 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
शर्मा ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से अपराध नियंत्रण, समाज में जागरूकता लाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोगी भूमिका निभाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि नवाचारों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए और अपराध रोकने में पुलिस की मदद करने वालों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और जेलों में मोबाइल फोन से संबंधित घटनाओं का संज्ञान लेने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि जेल परिसर में अपराधी मोबाइल फोन का उपयोग करते पाए गए तो संबंधित जेलकर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने पेपर लीक मामलों में एसओजी द्वारा की जा रही जांच की सराहना की और कहा कि एसओजी की कार्रवाई की पूरे देश में सराहना हो रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार ने इन मामलों में कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई और उसी के अनुसार काम किया।’’
विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को समय पर और पारदर्शी तरीके से भर्ती पूरी करने के लिए मिशन मोड पर काम करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने नियमित अंतराल पर भर्तियों की प्रगति की समीक्षा के लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह समिति भर्तियों में आने वाली व्यावहारिक बाधाओं को दूर करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने तथा नियमित निगरानी करने का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि जिलों में स्थायी परीक्षा केन्द्र विकसित किए जाएं तथा वहां सीसीटीवी सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं की जाएं ताकि परीक्षाओं में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।
भाषा कुंज