दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले ‘आप’ सरकार ने विधायक निधि में पांच करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की
नोमान सुभाष
- 10 Oct 2024, 10:47 PM
- Updated: 10:47 PM
नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में विधानसभा चुनाव से पहले बृहस्पतिवार को वार्षिक विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि को 10 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 15 करोड़ रुपये कर दिया, ताकि विकास परियोजनाओं में तेज़ी लाई जा सके।
मुख्यमंत्री आतिशी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
आतिशी के अनुसार, यह देश में विधायक-स्थानीय क्षेत्र विकास (एलएडी) निधि का सबसे अधिक आवंटन है और अधिकांश अन्य राज्यों की तुलना में तीन गुना अधिक है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि देश में कोई भी अन्य राज्य इतनी अधिक निधि उपलब्ध नहीं कराता है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव अगले साल फरवरी में होने की उम्मीद है।
शहरी विकास मंत्री सौरभ भारद्वाज के साथ मौजूद आतिशी ने कहा कि लोकतंत्र में विधायक-एलएडी निधि बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका उपयोग विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास के लिए करते हैं।
अन्य राज्यों से तुलना करते हुए मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि गुजरात प्रत्येक विधायक को 1.5 करोड़ रुपये आवंटित करता है, जबकि आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में विधायकों को 2-2 करोड़ रुपये मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, केरल और राजस्थान जैसे बड़े राज्य भी केवल पांच करोड़ रुपये आवंटित करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “अब दिल्ली में विधायकों को प्रति वर्ष 15 करोड़ रुपये मुहैया किया जाएगा... यह न केवल देश में सबसे अधिक है, बल्कि अधिकांश राज्यों की तुलना में तीन गुना अधिक है।”
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में ‘आप’ सरकार दिल्ली के लोगों के लिए काम कर रही है - चाहे वे झुग्गी-झोपड़ियों, अनधिकृत कॉलोनियों या कोठियों में क्यों न रहते हों।
भारद्वाज ने कहा कि निधि बढ़ाने का मुख्य कारण यह सुनिश्चित करना है कि विभागीय मंजूरी के कारण विलंबित हो रही परियोजनाएं अब शुरू हो सकें, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
उन्होंने कहा, “ इस साल दिल्ली में बहुत ज़्यादा बारिश हुई है, जिसकी वजह से सड़कें, पार्क, पैदल पथ और दीवारें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। ज़्यादा बारिश की वजह से कई जगहों पर सीवर जाम हो गए या उनमें गाद भर गई। साथ ही, नई सीवर लाइन भी बिछाई गई है।”
भाषा
नोमान