विदेशी बाजारों में मजबूती के बीच तेल-तिलहन कीमतों में सुधार का रुख
राजेश राजेश अजय
- 05 Sep 2024, 07:15 PM
- Updated: 07:15 PM
नयी दिल्ली, पांच सितंबर (भाषा) विदेशी बाजारों में मजबूती के रुख के बीच देश के तेल-तिलहन बाजारों में बृहस्पतिवार को सरसों तेल-तिलहन, सोयाबीन तेल, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तथा बिनौला तेल के दाम सुधार के साथ बंद हुए। जबकि ऊंचे दाम पर कम कारोबार के बीच मूंगफली तेल-तिलहन के साथ-साथ सोयाबीन तिलहन के दाम पूर्वस्तर पर बंद हुए।
मलेशिया और शिकॉगो एक्सचेंज में सुधार का रुख है।
बाजार सूत्रों ने बताया कि पहले की तरह मंडियों में सरसों की आवक लगभग साढ़े तीन लाख बोरी की हुई है। कच्ची घानी की बड़ी ब्रांडेड तेल बनाने वाली मिलों की सरसों की मांग है जिससे सरसों तेल- तिलहन के दाम में सुधार दर्ज हुआ। जबकि विदेशों में मजबूती के कारण सोयाबीन तेल के दाम मजबूत हुए हैं। मलेशिया एक्सचेंज में सुधार की वजह से सीपीओ और पामोलीन तेल के दाम मजबूत रहे। माल की कमी के बीच त्योहारी मांग की वजह से बिनौला तेल कीमतों में सुधार दर्ज हुआ। ऊंचे भाव पर कम कारोबार के कारण मूंगफली तेल-तिलहन पूर्वस्तर पर रहे। सोयाबीन के डी-आयल्ड केक (डीओसी) का असली फायदा घरेलू बाजार के बजाय निर्यात की मांग से मिलता है लेकिन निर्यात के लिए यहां के सोयाबीन का भाव बेपड़ता बैठता है। जिससे सोयाबीन तिलहन के दाम पूर्वस्तर पर बने रहे।
सूत्रों ने कहा कि सरकार को देश के तेल-तिलहन कारोबार पर अधिक ध्यान देना होगा क्योंकि जब खाद्य तेलों के दाम बढ़ते हैं तो सरकार तत्काल हरकत में आती है लेकिन जब आयातित तेलों के थोक दाम लुढ़के हुए हैं तो सरकार को इस बात पर विशेष ध्यान देना होगा कि खुदरा में यही तेल महंगा क्यों बना हुआ है।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन - 6,275-6,315 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली - 6,600-6,875 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) - 15,560 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल 2,350-2,650 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 12,450 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 1,995-2,095 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 1,995-2,110 रुपये प्रति टिन।
तिल तेल मिल डिलिवरी - 18,900-21,000 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 10,600 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 10,200 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 8,800 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 9,375 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 10,350 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 10,600 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 9,800 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना - 4,770-4,800 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 4,570-4,705 रुपये प्रति क्विंटल।
मक्का खल (सरिस्का)- 4,200 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश