चुनाव प्रचार वीडियो में बच्चे का इस्तेमाल : निर्वाचन आयोग ने भाजपा की हरियाणा इकाई को नोटिस भेजा
देवेंद्र शोभना
- 28 Aug 2024, 11:42 PM
- Updated: 11:42 PM
नयी दिल्ली/चंडीगढ़, 28 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हरियाणा इकाई द्वारा सोशल मीडिया पर एक वीडियो में एक बच्चे का इस्तेमाल किये जाने को गंभीरता से लेते हुए निर्वाचन आयोग ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को नोटिस जारी कर ‘‘तत्काल सुधारात्मक कदम’’ उठाने के निर्देश दिए।
चुनाव प्रचार और अन्य चुनावी गतिविधियों में बच्चों का इस्तेमाल करना निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का उल्लंघन है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष को बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक कारण बताओ नोटिस का जवाब देने को कहा गया है।
भाजपा की हरियाणा इकाई द्वारा उसके आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर पोस्ट किये गए एक वीडियो का संज्ञान लेने के बाद राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी(सीईओ) ने यह नोटिस जारी किया।
आम आदमी पार्टी (आप) की हरियाणा इकाई ने मंगलवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर भाजपा की राज्य इकाई द्वारा अपलोड किए गए 36 सेकंड के वीडियो को साझा किया।
राज्य भाजपा ने वीडियो में शीर्षक दिया है: ‘‘बच्चे-बच्चे की पुकार, हरियाणा में फिर से नायब सरकार।’’
वीडियो की शुरुआत एक बच्चे के ‘‘हरियाणा में अब की बार सैनी सरकार, जय हिंद’’ कहने से होती है।
फरवरी में, आयोग ने राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से कहा था कि वे चुनाव प्रचार अभियानों और रैलियों में ‘‘किसी भी तरह से’’ बच्चों का इस्तेमाल न करें।
निर्वाचन आयोग ने कहा था, ‘‘राजनीतिक दलों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि वे बच्चों को चुनाव प्रचार में किसी भी तरह से शामिल न करें। इनमें रैलियां, नारे लगाना, पोस्टर या पर्चे बांटना या चुनाव से संबंधित अन्य गतिविधियां शामिल हैं।’’
हरियाणा विधानसभा चुनाव एक अक्टूबर को होने हैं।
‘आप’ की हरियाणा इकाई ने ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि ‘‘राज्य भाजपा का स्तर इतना नीचे गिर गया है कि वह हरियाणा में अपने चुनाव अभियान के लिए बच्चों का उपयोग करके आदर्श आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन कर रही है।’’
‘आप’ ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा लगातार ऐसी हरकतें करती रहती है जिससे आदर्श आचार संहिता और देश के संविधान का उल्लंघन होता है। अब समय आ गया है कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष होकर भाजपा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।’’
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सीईओ ने भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख को 29 अगस्त की शाम छह बजे तक अपना जवाब देने को कहा है।
संपर्क करने पर हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की हरियाणा इकाई के प्रमुख मोहन लाल बडौली को 29 अगस्त तक अपना जवाब देने को कहा गया है।
भाषा देवेंद्र