‘एअर इंडिया’ की उड़ान में बम की धमकी अफवाह साबित हुई : पुलिस
राजकुमार प्रशांत
- 22 Aug 2024, 05:48 PM
- Updated: 05:48 PM
(तस्वीरों के साथ)
तिरुवनंतपुरम, 22 अगस्त (भाषा) मुंबई से आ रहे एअर इंडिया के एक विमान के शौचालय में बम की धमकी वाला संदेश जांच में अफवाह साबित हुआ। पुलिस के मुताबिक बम की धमकी के बाद बृहस्पतिवार को तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया गया था।
तिरुवनंतपुरम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह धमकी अफवाह साबित हुई।
पुलिस ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सघन तलाशी किये जाने के दौरान विमान में कोई विस्फोटक नहीं मिला।
हवाई अड्डा सूत्रों के अनुसार हवाई अड्डे पर सुबह घोषित की गयी आपात स्थिति अपराह्न करीब 12 बजकर 10 मिनट पर हटा ली गयी।
उन्होंने बताया कि इस उड़ान से यात्रा करने वाले सभी 135 यात्रियों को करीब पौने एक बजे जाने की अनुमति दी गयी।
पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू की है।
सूत्रों ने बताया कि विमान के शौचालय में एक ‘टिशू पेपर’ पर ‘उड़ान में बम है’ संदेश लिखा था जिसके बाद पायलट ने सुबह एटीसी को इसकी सूचना दी थी।
उन्होंने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे जब विमान तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे के पास था, तब पायलट ने बम की धमकी की जानकारी दी।
उसके बाद सुबह सात बजकर 36 मिनट पर हवाई अड्डे पर पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई।
फिर विमान सुबह करीब आठ बजे हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतरा और उसे ‘आइसोलेशन बे’ में ले जाया गया। विमान में 135 यात्री सवार थे।
सूत्रों ने बताया कि सुबह आठ बजकर 44 मिनट तक यात्रियों को सुरक्षित उतारा गया और बम निरोधक दस्ते सहित विभिन्न सुरक्षा एजेंसियां विमान में तलाशी में जुट गयी।
उन्होंने बताया कि इस दौरान यात्रियों को अपना सामान मिलने का इंतजार करना पड़ा।
इस बीच, विमानन कंपनी ‘एअर इंडिया’ ने एक बयान में बताया कि मुंबई से तिरुवनंतपुरम की यात्रा के दौरान उड़ान संख्या ‘एआई 657’ में सुरक्षा संबंधी खतरे की विशेष जानकारी मिली और ‘‘चालक दल ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा संबंधी सभी निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया।’’
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सभी यात्री और चालक दल के सदस्य (विमान से) सुरक्षित उतर गए। ‘एअर इंडिया’ अपने यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।’’
भाषा राजकुमार