कोलकाता मामला : मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मृतक की तस्वीरें, विवरण हटाने को कहा
आशीष वैभव
- 21 Aug 2024, 08:29 PM
- Updated: 08:29 PM
नयी दिल्ली, 21 अगस्त (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्रालय ने बुधवार को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से कहा कि वे कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की उस प्रशिक्षु डॉक्टर का नाम, फोटो और वीडियो हटाने के उच्चतम न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन करें, जिसकी दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।
आईटी मंत्रालय ने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से मृतक डॉक्टर के पहचान योग्य संदर्भों को तुरंत हटाने के लिए कहा है। मंत्रालय ने आगाह किया है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश का पालन नहीं करने पर कानूनी परिणाम का सामना करना पड़ सकता है और आगे की नियामक कार्रवाई हो सकती है।
सोशल मीडिया मंचों को उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उनके द्वारा की गई कार्रवाई के बारे में आईटी मंत्रालय को सूचित करने के लिए कहा गया है।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने भारत में संचालित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना की मृतका के नाम और तस्वीरों के प्रसार के संबंध में 20 अगस्त, 2024 के शीर्ष अदालत के हालिया आदेश का पालन करने को कहा है।’’
मंगलवार को शीर्ष अदालत ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की उस प्रशिक्षु डॉक्टर का नाम, फोटो और वीडियो सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने का आदेश दिया था, जिसकी दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।
प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि यौन उत्पीड़न की पीड़िता की पहचान का खुलासा करना निपुण सक्सेना मामले में पारित उसके आदेश का उल्लंघन है।
आईटी मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘उच्चतम न्यायालय ने निषेधाज्ञा के तहत निर्देश दिया है कि मृतका के नाम के सभी संदर्भ, साथ ही मृतका की किसी भी तस्वीर और वीडियो क्लिप को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से तुरंत हटा दिया जाए। यह निर्देश घटना से संबंधित संवेदनशील सामग्री के प्रसार के बारे में चिंताओं के बाद जारी किया गया है।’’
प्रशिक्षु डॉक्टर का शव नौ अगस्त को अस्पताल के एक सेमिनार हॉल में मिला था। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे। बलात्कार-हत्या की घटना में कथित संलिप्तता के आरोप में अगले दिन कोलकाता पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था।
भाषा आशीष