ब्रुकफील्ड की आंध्र में नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश की योजना
निहारिका अजय
- 21 Aug 2024, 05:43 PM
- Updated: 05:43 PM
अमरावती (आंध्र प्रदेश), 21 अगस्त (भाषा) वैश्विक रियल एस्टेट परिचालक ब्रुकफील्ड ने अगले तीन से पांच साल में आंध्र प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने का प्रस्ताव किया है। इसमें पवन और सौर ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कनाडा की कंपनी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अमरावती में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और ऊर्जा मंत्री जी. रवि कुमार से मुलाकात की और अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं का प्रस्ताव रखा।
ऊर्जा मंत्री के कार्यालय की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार, ‘‘ ब्रुकफील्ड और एक्सिस एनर्जी द्वारा प्रवर्तित स्वच्छ ऊर्जा मंच एवरेन (के प्रतिनिधियों ने) ने मंगलवार को मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और ऊर्जा मंत्री जी रवि कुमार के साथ देर रात हुई बैठक में आंध्र प्रदेश में निवेश को लेकर प्रतिबद्धता जाहिर की।’’
मुख्यमंत्री नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि कनाडा की कंपनी ब्रुकफील्ड ने इस दक्षिणी राज्य में नवीकरणीय उर्जा क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।
नायडू ने लिखा, ‘‘ आज (मंगलवार) ब्रुकफील्ड के अक्षय ऊर्जा एवं बदलाव समूह के प्रबंध निदेशक नवल सैनी से मुलाकात की। हरित पहल में अग्रणी निवेशक ब्रुकफील्ड ने हमारे राज्य के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र, खासकर सौर, पवन तथा ‘रूफटॉप’ क्षेत्र में निवेश को लेकर रुचि दिखाई।’’
ब्रुकफील्ड और एक्सिस एनर्जी ग्रुप के बीच संयुक्त उद्यम एवरेन के चेयरमैन के रवि कुमार रेड्डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंच अगले तीन से पांच वर्षों में इस दक्षिणी राज्य में 50,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करना चाहता है।
रेड्डी ने कहा कि एवरेन का लक्ष्य 2026 तक 1,380 मेगावाट सौर ऊर्जा क्षमता और 1,640 मेगावाट पवन ऊर्जा क्षमता स्थापित करना है। यह पहले से ही आंध्र प्रदेश में 210 मेगावाट पवन ऊर्जा परिसंपत्तियों का संचालन कर रही है।
एवरेन, एबीसी क्लीन टेक कंपनी का एक ब्रांड है। इसका 51 प्रतिशत स्वामित्व ब्रुकफील्ड और 49 प्रतिशत एक्सिस एनर्जी ग्रुप के पास है।
एवरेन के चेयरमैन ने कहा कि कंपनी इन निवेश में तेजी लाने को इच्छुक है और प्रत्येक मेगावाट से एक रोजगार का सृजन हो सकता है।
भारत में ब्रुकफील्ड 26 अरब अमेरिकी डॉलर मूल्य की परिसंपत्तियों का प्रबंधन करती है, जो बुनियादी ढांचे (12 अरब अमेरिकी डॉलर), रियल एस्टेट (नौ अरब अमेरिकी डॉलर), अक्षय ऊर्जा एवं बदलाव (तीन अरब अमेरिकी डॉलर) तथा निजी इक्विटी व ब्रुकफील्ड विशेष निवेश (तील अरब अमेरिकी डॉलर) में विस्तारित है।
भाषा निहारिका