विहिप के शीर्ष पदाधिकारियों ने की शाह से मुलाकात, बांग्लादेश में हिन्दुओं की सुरक्षा की मांग उठाई
ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र दिलीप
- 09 Aug 2024, 06:36 PM
- Updated: 06:36 PM
नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के शीर्ष पदाधिकारियों ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उनसे बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा के लिए ‘तत्काल अपरिहार्य कार्रवाई’ करने का आग्रह किया।
बांग्लादेश में सोमवार को प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देने के बाद से कई हिंदू मंदिरों, हिंदू समुदाय के लोगों के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की गई है। नौकरियों में विवादास्पद कोटा प्रणाली को लेकर शेख हसीना नीत सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद देश में अव्यवस्था का माहौल हो गया था।
विहिप की ओर से जारी में एक बयान में कहा गया बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर लगातार हमले और उत्पीड़न की घटनाओं से चिंतित, विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार और महासचिव बजरंग बागड़ा ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और उनसे पड़ोसी देश में संकटग्रस्त समुदायों की सुरक्षा के लिए तत्काल अपरिहार्य कार्रवाई का अनुरोध किया।
मुलाकात के बाद बागड़ा ने कहा कि विहिप अध्यक्ष और उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की हत्याओं, आगजनी और अन्य रूपों में अमानवीय उत्पीड़न को लेकर भारत में हिंदू समाज की ‘पीड़ा और परेशानी’ से शाह को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश में उनकी सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई।
विहिप महासचिव ने बताया, ‘‘गृह मंत्री ने इस दिशा में सरकार द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी दी और कहा कि सरकार इस मामले में पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ आवश्यक कार्रवाई कर रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गृह मंत्री ने उम्मीद जताई कि अंतरिम सरकार के मुखिया ने हिंदू अल्पसंख्यकों (बांग्लादेश में) के उत्पीड़न की घटनाओं से इनकार नहीं किया है, इसलिए वह स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए उचित कदम उठाएंगे।’’
नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस ने बृहस्पतिवार को हसीना की जगह बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली।
बागड़ा ने कहा कि जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख को अपने बधाई संदेश में हिंदुओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया है और वहीं बांग्लादेश में छात्रों सहित सभी भारतीयों को सुरक्षा के लिए सरकार द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘हिंदुओं, सिखों, बौद्धों और ईसाई अल्पसंख्यकों और उनके पूजा स्थलों की सुरक्षा के लिए वहां के अधिकारियों से संपर्क स्थापित कर हर संभव कार्रवाई की गई है।’’
बागड़ा ने कहा कि विहिप ने एक आपातकालीन हेल्पलाइन स्थापित करने का फैसला किया है और इस सिलसिले में नंबर जल्द ही जारी किया जाएगा।
भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र