कांग्रेस के पास संख्या बल होता तो विनेश को राज्यसभा भेजते : भूपेन्द्र हुड्डा
जोहेब नेत्रपाल
- 08 Aug 2024, 09:22 PM
- Updated: 09:22 PM
नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) हरियाणा में राजनीतिक दलों ने ओलंपिक खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाली पहलवान विनेश फोगाट का बृहस्पतिवार को बढ़-चढ़कर समर्थन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अगर उनकी पार्टी के पास विधानसभा में संख्या बल होता तो वह फोगाट को आगामी राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाते।
वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनकी सरकार फोगाट को पदक विजेता की तरह सम्मानित करेगी, जिन्हें 50 किलोग्राम वर्ग में फाइनल मुकाबले से पहले अधिक वजन होने के कारण ओलंपिक से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
सैनी ने कहा कि उन्हें वही सम्मान दिया जाएगा जो राज्य ओलंपिक खेलों के रजत पदक विजेताओं को देता है।
भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के पुत्र एवं लोकसभा सदस्य दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि उनके लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद हरियाणा से राज्यसभा की एक सीट रिक्त हो गई है और फोगाट को वहां से मनोनीत किया जाना चाहिए।
फोगाट के ताऊ महावीर फोगाट ने इसे राजनीतिक हथकंडा करार दिया।
महावीर फोगाट ने कहा, ‘‘आज भूपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि अगर उनका बस चलता तो वे विनेश को राज्यसभा भेजते। जब उनकी सरकार थी तो उन्होंने गीता फोगाट को क्यों नहीं भेजा?’’
गीता फोगाट महावीर फोगाट की बेटी हैं।
पेरिस ओलंपिक में 50 किलोग्राम वर्ग प्रतिस्पर्धा के फाइनल मुकाबले से पहले 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य करार दिए जाने के बाद संन्यास की घोषणा करते हुए फोगाट (29) ने उनका समर्थन करने वालों से माफी मांगी।
हुड्डा ने दिल्ली में पत्रकारों से कहा, “जल्द ही राज्यसभा चुनाव होने वाले हैं। यदि हमारे पास बहुमत होता तो हम उन्हें प्रेरित करने के लिए नामांकित करते। उन्होंने हम सभी को गौरवान्वित किया है।’’
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, “हरियाणा से एक राज्यसभा सीट खाली हुई है क्योंकि मैं लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुआ हूं। चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है। हुड्डा साहब ने आज जो कहा... उन्हें राज्यसभा की सीट दी जानी चाहिए। मैं हरियाणा की सभी पार्टियों से इस पर विचार करने का आग्रह करता हूं।”
महावीर फोगाट ने इसे खारिज करते हुए कहा, ‘‘गीता फोगाट ने कई रिकॉर्ड बनाए। जब भूपेन्द्र सिंह हुड्डा की सरकार थी, तब उन्होंने गीता को पुलिस उपाधीक्षक तक नहीं बनाया। अब कांग्रेस नेता भूपेन्द्र हुड्डा यह दावा कैसे कर सकते हैं?’’
इससे पहले, सैनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हरियाणा की हमारी बहादुर बेटी विनेश फोगाट ने शानदार प्रदर्शन किया और ओलंपिक के फाइनल में प्रवेश किया। वह किसी कारण से फाइनल में भले ही प्रतिस्पर्धा नहीं कर पाईं, लेकिन वह हम सभी के लिए एक चैंपियन हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने तय किया है कि विनेश फोगाट को पदक विजेता की तरह स्वागत और सम्मान किया जाएगा। हरियाणा सरकार ओलंपिक रजत पदक विजेता को जो सम्मान, पुरस्कार और सुविधाएं देती है, वही सब विनेश फोगाट को भी दी जाएंगी।’’
हरियाणा सरकार अपनी खेल नीति के अनुसार ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को छह करोड़ रुपये, रजत पदक विजेताओं को चार करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेताओं को 2.5 करोड़ रुपये देती है।
भाषा
जोहेब