बंगाल फिल्म जगत ने बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर शोक जताया
नोमान नेत्रपाल
- 08 Aug 2024, 06:40 PM
- Updated: 06:40 PM
कोलकाता, आठ अगस्त (भाषा) बंगाल में फिल्म जगत के सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री और मार्क्सवादी नेता बुद्धदेव भट्टाचार्य के निधन पर बृहस्पतिवार को शोक व्यक्त किया तथा कला जगत के साथ उनके करीबी जुड़ाव को याद किया।
दक्षिण कोलकाता में पाम एवेन्यू स्थित आवास पर माकपा नेता के परिवार के शोकसंतप्त सदस्यों से मुलाकात के बाद निर्देशक गौतम घोष ने संवाददाताओं से कहा, “बुद्धदेव बाबू से जुड़ी मेरी बहुत सारी यादें हैं।”
भट्टाचार्य के सूचना एवं संस्कृति मंत्री रहने तथा बाद में मुख्यमंत्री बनने के बाद घोष को उनका करीबी माना जाता था। घोष ने याद किया कि उनकी भट्टाचार्य के साथ सरकारी सांस्कृतिक परिसर नंदन और रवींद्र सदन सहित अन्य स्थानों पर लंबी चर्चाएं होती थीं।
बंगाली फिल्म अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता ने कहा कि वह भट्टाचार्य को एक “ईमानदार, समर्पित, प्रतिबद्ध नेता मानती हैं, जिन्होंने एक साधारण जीवन शैली अपनाई और एक मिसाल कायम की।”
उन्होंने अतीत में कुछ अवसरों पर भट्टाचार्य से हुई मुलाकात को याद किया और उन्हें एक सौम्य, विनम्र और सुसंस्कृत व्यक्तित्व बताया।
फिल्म निर्माता कमलेश्वर मुखर्जी ने कहा, “भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल के आर्थिक विकास और औद्योगीककरण को गति देने के लिए पहल की थी। बंगाल को ऐसे दूरदर्शी नेता की कमी खलती है।”
अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा ने कहा, “मेरे पास अपनी बात कहने के लिए शब्द नहीं हैं। वह बंगाल की औद्योगिक प्रगति और युवाओं के लिए रोजगार सृजन के लिए बहुत कुछ करना चाहते थे। लेकिन वह अपने उद्देश्यों को पूरा नहीं कर सके।”
फिल्म निर्माता अनिक दत्ता ने कहा, “मैं अब भी इस खबर से उबर नहीं पाया हूं। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति से भी अधिक है।”
भट्टाचार्य किताबें पढ़ने के शौकीन थे। उन्होंने बाबरी मस्जिद विध्वंस पर आधारित नाटक ‘दुसमय’ लिखा था। उन्हें फिल्म देखने का भी शौक था तथा वह वाम शासन के दौरान कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में काफी रुचि लेते थे।
उनके बंगाली फिल्म जगत की कई हस्तियों से अच्छे संबंध थे, जिनमें घोष और दिवंगत तरुण मजूमदार शामिल हैं। वह दिवंगत सत्यजीत रे, मृणाल सेन, उत्पल दत्त और अन्य लोगों के भी करीबी थे।
पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री भट्टाचार्य का बृहस्पतिवार को कोलकाता स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे।
भाषा
नोमान