धर्मेंद्र ने विनेश फोगाट को देश की बहादुर बेटी बताया
नोमान प्रशांत
- 08 Aug 2024, 10:26 PM
- Updated: 10:26 PM
नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद एवं अभिनेत्री हेमा मालिनी की विनेश फोगाट के वजन को लेकर की गई टिप्पणी के लिए व्यापक आलोचना होने के एक दिन बाद उनके अभिनेता पति धर्मेंद्र ने बृहस्पतिवार को पहलवान के समर्थन में बयान दिया और उन्हें देश की ‘बहादुर बेटी’ बताया।
इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक संदेश में धर्मेंद्र ने कहा कि वह फोगाट के स्वास्थ्य और खुशी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं, जिन्होंने बृहस्पतिवार को अपने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती करियर को अलविदा कह दिया।
धर्मेंद्र (88) ने कहा, ‘‘प्यारी बेटी विनेश, हमें यह खबर सुनकर बहुत दुख हुआ है। आप इस धरती की एक बहादुर बेटी हो। हम आपसे प्यार करते हैं और हमेशा आपके स्वास्थ्य और खुशी के लिए प्रार्थना करते हैं।’’
इससे पहले, आलिया भट्ट, करीना कपूर खान और फरहान अख्तर सहित फिल्म जगह की कई हस्तियों ने विनेश की प्रशंसा करते हुए उन्हें बड़ा चैंपियन बताया था।
उत्तर प्रदेश में मथुरा से भाजपा सांसद मालिनी को उनकी टिप्पणी के लिए सोशल मीडिया और अन्य जगहों पर आलोचना का सामना करना पड़ा और उनकी टिप्पणी को कई लोगों ने असंवेदनशील माना।
मालिनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘अपने वजन को नियंत्रित रखना बहुत जरूरी है। यह हम सभी के लिए एक अच्छी सीख है कि 100 ग्राम भी बहुत मायने रखता है। हमें उनके लिए दुख है, मैं चाहती हूं कि वह जल्दी से 100 ग्राम वजन कम कर लें, लेकिन अभी पदक नहीं मिलेगा।’’
पेरिस ओलंपिक के 50 किलोग्राम भार वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती स्पर्द्धा के फाइनल में मंगलवार को पहुंचकर इतिहास रचने वाली भारत की विनेश फोगाट को बुधवार को खिताबी मुकाबले से पहले 100 ग्राम वजन ज्यादा होने की वजह से अयोग्य घोषित कर दिया गया था। उसके बाद विनेश ने कुश्ती से सन्यास का ऐलान कर दिया था।
मालिनी का वीडियो ने तेज़ी से वायरल हुआ और कुछ लोग उनकी “असंवेदनशीलता” पर भड़के, जबकि अन्य ने उनका मजाक उड़ाया तथा उनकी टिप्पणी को “मूर्खतापूर्ण”, “अपमानजनक’ तथा “गलत समय पर की गई टिप्पणी” बताया।
हालांकि, अभिनेत्री अपने बयान का बचाव करते हुए शाम को ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में अधिक सतर्क दिखीं।
मालिनी ने कहा, “ विनेश फोगाट, पूरा देश आपके पीछे खड़ा है। आप इस ओलंपिक की हमारी नायिका हैं। हिम्मत मत हारिए- आप महान उपलब्धियों के लिए बनी हैं और आपका भविष्य उज्ज्वल है! बस हिम्मत से आगे बढ़ते रहिए।”
भाषा नोमान