जैसलमेर में फर्जीवाड़ा करके अनुदान लेने वाली गौशालाओं की जांच एसीबी से कराएंगे: मंत्री
पृथ्वी कुंज संतोष
- 18 Jul 2024, 07:11 PM
- Updated: 07:11 PM
जयपुर, 18 जुलाई (भाषा) राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि जैसलमेर में कथित तौर पर फर्जीवाड़ा करके अनुदान लेने वाली गौशालाओं की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) से कराई जाएगी।
गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने विधानसभा में यह बात कही। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि जैसलमेर जिले में गौशालाओं द्वारा फर्जी तरीके से अनुदान लेने की शिकायतों के सम्बन्ध में शीघ्र ही भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा जांच कराई जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऐसी गौशालाओं से अनुदान राशि की वसूली भी की जाएगी। मंत्री प्रश्नकाल के दौरान सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जैसलमेर जिले में गौशालाओं द्वारा फर्जीवाड़ा करके अनुदान लेने की शिकायतें प्राप्त होने पर गोपालन निदेशालय द्वारा जांच दल गठित कर सात एवं आठ फरवरी 2024 को गौशालाओं की गोपनीय जांच एवं औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जिले की 12 गौशालाओं में उनके द्वारा बताई गई गौवंश संख्या एवं वास्तविक गौवंश संख्या में अंतर पाया गया। इसके अलावा अन्य अनियमितताएं भी पाई गईं। इस आधार पर इन सभी गौशालाओं के अनुदान को बंद कर दिया गया था।
उन्होंने बताया कि जैसलमेर के जिलाधिकारी द्वारा की गई जांच में 16 अन्य गौशालाओं में अनियमितता पाई गई। इसी प्रकार आईबी में शिकायत के आधार पर संयुक्त निदेशक, पशुपालन विभाग द्वारा भी जांच कराई गई, जिसमें चार गौशालाओं में अनियमितताएं पाई गईं। इसके बाद इन सभी गौशालाओं का अनुदान भी रोक दिया गया।
कुमावत ने कहा कि गौशालाओं की अनुदान प्रक्रिया में पर्यवेक्षीय लापरवाही बरतने पर तत्कालीन संयुक्त निदेशक, पशुपालन विभाग, जैसलमेर को मार्च 2024 में निलंबित किया गया था और दो अन्य चिकित्सकों को नोटिस दिए गए थे।
इसके साथ ही इस प्रकरण में चार चिकित्सकों एवं भटियाणा पोकरण के दो उपखंड अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कार्मिक विभाग को लिखा गया है।
उन्होंने कहा कि जैसलमेर की फर्जी तरीके से अनुदान प्राप्त कर रही इन 32 गौशालाओं सहित समस्त अनुदानित गौशालाओं मेँ अनियमितता की विस्तृत जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से कराए जाने के लिए प्रयास किये जा रहे हैं।
इससे पहले विधायक कालीचरण सराफ के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में गोपालन मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 में गोपालन निदेशालय द्वारा जैसलमेर जिले की गौशालाओं की गोपनीय जांच एवं औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान 32 गौशालाओं में घोर अनियमितताएं पाई गई जिसका संज्ञान लेते हुए जैसलमेर जिले की इन 32 गौशालाओं का वित्तीय वर्ष 2023-24 का अनुदान रोक दिया गया।
भाषा पृथ्वी कुंज