संगीतकार रमेश नारायण के खिलाफ नफरत भरा अभियान बंद करें: आसिफ अली
देवेंद्र पवनेश
- 17 Jul 2024, 07:13 PM
- Updated: 07:13 PM
कोच्चि, 17 जुलाई (भाषा) मलयालम अभिनेता आसिफ अली ने बुधवार को कहा कि वह हाल में कोच्चि में एक कार्यक्रम के दौरान शास्त्रीय गायक, संगीतकार और संगीत निर्माता रमेश नारायण द्वारा कथित तौर पर किये गये अपमान से आहत नहीं हैं। उन्होंने सभी से इस घटना को लेकर संगीतकार के खिलाफ नफरत भरा अभियान बंद करने का आग्रह किया।
रमेश नारायण, मलयालम फिल्म अभिनेता आसिफ अली के कथित अपमान को लेकर मंगलवार को ऑनलाइन मंच पर लोगों के निशाने पर आ गये थे।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। पंद्रह जुलाई को लेखक एम टी वासुदेवन नायर द्वारा लिखित नौ कहानियों के संकलन का ‘ट्रेलर’ जारी किये जाने के दौरान यह घटना हुई थी।
वीडियो में दिख रहा है कि अली स्मृति चिह्न देने के लिए मंच पर आ रहे हैं, लेकिन नारायण उनसे इसे ग्रहण करने में अनिच्छुक हैं। बाद में हालांकि वह उनसे स्मृति चिह्न ले लेते हैं।
अली ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए उनका समर्थन करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही उन्होंने सभी लोगों से वरिष्ठ संगीतकार के खिलाफ नफरत भरा अभियान बंद करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी कार्यक्रम करते हैं। उस दौरान कुछ गलतियां हो जाती हैं। बस यही हुआ। जो कुछ हुआ उससे मैं आहत नहीं हुआ। उनके (नारायण) व्यवहार से मेरा अपमान नहीं हुआ। मुझे विश्वास नहीं होता कि उनके जैसे कद का कोई व्यक्ति जानबूझकर ऐसा कुछ करेगा।’’
अली ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और मंगलवार दोपहर को ही उन्हें इस बारे में पता चला।
उन्होंने कहा, ‘‘मीडियाकर्मियों समेत लोग मेरी प्रतिक्रिया जानने के लिए मुझे फोन कर रहे थे। मुझे समझ नहीं आ रहा था कि मैं इसका क्या जवाब दूं। मुझे यह समझने में थोड़ा समय लगा कि आखिरकार हुआ क्या। इसलिए मैंने फोन बंद कर लिया था।
अभिनेता ने कहा, ‘‘जब मैंने फोन चालू किया, तो मैंने उनका (नारायण) संदेश देखा जिसमें मुझसे कॉल करने का आग्रह किया गया था। मैंने आज सुबह उन्हें फोन किया और उनसे बात करते हुए मुझे एहसास हुआ कि जो कुछ हुआ उससे वह कितने दुखी हैं।’’
अली ने कहा कि वह नहीं चाहते कि फिल्म उद्योग में उनसे उम्र में इतने वरिष्ठ व्यक्ति को उनकी वजह से कोई परेशानी हो।
उन्होंने कहा, ‘‘कृपया उनके खिलाफ नफरत भरा अभियान बंद करें। मैं उम्मीद करता हूं और चाहता हूं कि यह मुद्दा यहीं खत्म हो जाए।’’
नारायण ने इस बात से इनकार किया था कि उन्होंने जानबूझकर अली को अपमानित करने की कोशिश की। उन्होंने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा था, ‘‘यदि ऐसा लगता है तो मैं माफी मांगता हूं।’’
भाषा
देवेंद्र