मुर्शिदाबाद समपार फाटक दुर्घटना के आरोपी गेटमैन को मौत की सजा मिलनी चाहिए: शुभेंदु अधिकारी
सुरेश
- 23 Jul 2026, 04:50 PM
- Updated: 04:50 PM
बहरामपुर (प. बंगाल), 23 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने पुलिस को मुर्शिदाबाद समपार फाटक हादसे की जांच में तेजी लाने का बृहस्पतिवार को निर्देश दिया और कहा कि अभियोजन पक्ष को गिरफ्तार गेटमैन के लिए मौत की सजा की मांग करनी चाहिए। इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के परिवारों से मिलकर उन्हें पांच-पांच लाख रुपये के चेक सौंपने के बाद ये निर्देश दिए।
गोविंदपुर समपार फाटक पर 17 जुलाई को एक ट्रेन ने स्कूल की गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे चार विद्यार्थियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा, ''मैं पुलिस को साफ निर्देश दे रहा हूं कि वे आरोपी गेटमैन के हिरासत में रहते हुए ही अपनी जांच पूरी करें। उन्हें उसकी हिरासत के दौरान ही आरोपपत्र दाखिल करना चाहिए। हिरासत के दौरान मुकदमा चलाया जाना चाहिए, ताकि उसे मौत की सजा मिल सके।''
शुभेंदु अधिकारी ने मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और जिलाधिकारी (डीएम) को जांच पर बारीकी से नजर रखने का निर्देश दिया और कहा कि इसके लिए एक विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया जाएगा।
उन्होंने स्थानीय विधायक भरत कुमार झावर से भी कहा कि वह इस मामले पर नजर रखें और उन्हें लगातार अद्यतन जानकारी देते रहें।
मुख्यमंत्री दोपहर के समय हेलिकॉप्टर से बहरामपुर पहुंचे और फिर सड़क मार्ग से गोविंदपुर गए। रास्ते में वह कुछ देर के लिए दुर्घटना स्थल पर रुके और फिर गोविंदपुर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में पीड़ित परिवारों से मिले।
इस मौके पर राज्य के मंत्री गौरीशंकर घोष, डीएम राजर्षि मित्रा, एसपी सचिन मक्कर, बेलडांगा के विधायक झावर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम से पहले अधिकारी ने परिवारों से अलग-अलग मुलाकात की और बातचीत के दौरान वे भावुक दिखे।
उन्होंने कहा, ''मैंने मृतकों के परिजनों से अलग-अलग बात की। मैं उनके साथ हूं। ईश्वर उन्हें इस दुखद घटना से उबरने की शक्ति दे।''
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने परिवारों की कुछ मांगों को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी हैं और उन्हें भरोसा दिलाया कि अगले 15 दिनों में कई मुद्दों का समाधान कर लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ''मैं ग्रामीणों से भी इन परिवारों का साथ देने के लिए कहूंगा, ताकि वे खुद को अकेला न समझें या अवसाद का शिकार न हों। पुलिस प्रशासन की तरह मैं भी उनके सामाजिक सहयोग पर नजर रखूंगा। विधायक झावर और मंत्री घोष भी स्थिति पर नजर रखेंगे।''
हादसे में घायल हुए लोगों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के चिकित्सकों ने पीड़ितों को बचाने की हर मुमकिन कोशिश की थी।
उन्होंने कहा, ''हमने सभी को बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाए। दो लोगों का अब भी इलाज किया जा रहा है।''
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह जिलाधिकारी से कहेंगे कि वह रेलवे के साथ मिलकर 'कर्णसुबर्ण' समपार फाटक पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने का मुद्दा उठाएं, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।
उन्होंने कहा, ''अगर जरूरत पड़ी, तो मैं रेल मंत्री से भी बात करूंगा।''
भाषा सुरभि सुरेश
सुरेश
2307 1650 बहरामपुर