रोहित और कोहली को लेकर स्पष्टता चाहते हैं युवराज, जायसवाल को कम मौके मिलने से चिंतित
पंत
- 20 Jul 2026, 01:01 PM
- Updated: 01:01 PM
नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) सभी की नजरें अनुभवी पूर्व कप्तानों रोहित शर्मा और विराट कोहली के भविष्य पर टिकी हैं लेकिन भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह का कहना है कि उन्हें इस समय यशस्वी जायसवाल की अधिक चिंता है क्योंकि इस युवा सलामी बल्लेबाज को पिछले तीन एकदिवसीय मुकाबलों में दो शतक लगाने के बावजूद खेलने का मौका नहीं मिल रहा है।
युवराज ने 'जियोस्टार' पर बात करते हुए टीम प्रबंधन और रोहित-कोहली के बीच उनके भविष्य को लेकर स्पष्ट बातचीत की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय 'थिंक टैंक' (फैसले करने वाले महत्वपूर्ण लोग) से अपील की कि अगर इन दोनों को अगले साल दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में होने वाले विश्व कप में खिलाने की योजना है तो उनका पूरी तरह समर्थन करना चाहिए।
युवराज ने कहा, ''विराट और रोहित से अधिक मुझे इस बात की चिंता है कि यशस्वी जायसवाल को खेलने का मौका नहीं मिल रहा है। अगर विश्व कप आता है और उन्हें खेलने का पर्याप्त समय नहीं मिला होगा तो अचानक उन पर दबाव आ जाएगा।''
रोहित ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में 110 गेंद पर 138 रन शानदार पारी खेलकर संन्यास की अटकलों पर रोक लगा दी जबकि कोहली भी अच्छी फॉर्म में दिखे और तीन मैच की श्रृंखला में लगातार अर्धशतक लगाए। भारत हालांकि रविवार को श्रृंखला 1-2 से हार गया।
भारत की 2011 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य युवराज ने कहा, ''आपको कोच, कप्तान और चयनकर्तओं से स्पष्टता की जरूरत है, चाहे वे कोई भी हो।''
उन्होंने कहा, ''मैं भी उसी स्थिति में रहा हूं जिसमें रोहित और विराट हैं इसलिए यह तय करना हमारे लिए सही नहीं है कि उन्हें खेलना चाहिए या नहीं। यह टीम प्रबंधन, कोच और चयनकर्ताओं को तय करना है।''
इस पूर्व स्टार ऑलराउंडर ने कहा, ''अगर आप चाहते हैं कि वे विश्व कप खेलें तो आपको उनके कंधे पर हाथ रखकर कहना होगा, 'दोस्तों, हम चाहते हैं कि आप विश्व कप खेलें। हम आपका पूरा समर्थन कर रहे हैं। मैदान पर जाओ और जैसे हो वैसे ही खेलो। इस बात का कोई तनाव नहीं है कि अगर कल आपकी श्रृंखला अच्छी नहीं रही तो आप टीम में नहीं रहेंगे'।''
अगले साल चार अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप तक रोहित 40 साल से अधिक के हो जाएंगे जबकि कोहली 39 साल के होंगे।
कोहली के भविष्य को लेकर अधिक अटकलें नहीं हैं लेकिन तीसरे एकदिवसीय से पहले ऐसी खबरें आई थीं कि यह इस प्रारूप में रोहित का आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया।
युवराज ने कहा कि प्रबंधन को अपने सीनियर खिलाड़ियों को एक साफ खाका देना चाहिए, चाहे वे टीम की योजनाओं का हिस्सा हों या नहीं।
उन्होंने कहा, ''आदर्श रूप से आपको टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के बीच संतुलन की जरूरत होती है। अगर रोहित शर्मा और विराट कोहली विश्व कप के लिए आपकी योजनाओं का हिस्सा हैं तो उन्हें अभी बताएं और उनकी जगह पक्की करें।''
इस पूर्व ऑलराउंडर ने जायसवाल को नजरअंदाज किए जाने पर भी चिंता जताई जिन्हें पिछले महीने चेन्नई में अफगानिस्तान के खिलाफ नाबाद शतक लगाने के बावजूद इंग्लैंड में एकदिवसीय श्रृंखला से बाहर रखा गया था। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने एकदिवसीय प्रारूप में अपनी पिछली तीन पारियों में दो शतक लगाए हैं।
युवराज ने कहा, ''अगर वह योजनाओं का हिस्सा है तो विश्व कप से पहले उसे और अधिक मैच खेलने की जरूरत है। अगर कोई चोटिल हो जाता है तो आप क्या करेंगे?''
उन्होंने कहा, ''हमने पहले भी ऐसा होते देखा है। 2019 विश्व कप में चोट के कारण दो युवा खिलाड़ियों को बिना पर्याप्त अनुभव के टीम में आना पड़ा था। आप अतीत की गलतियों को दोहराना नहीं चाहेंगे।''
भारत ने ब्रिटेन के अपने सीमित ओवरों के दौरे का निराशाजनक अंत किया। इंग्लैंड से एकदिवसीय श्रृंखला 1-2 से हारने के पहले आयरलैंड (0-2) और इंग्लैंड (0-4) के खिलाफ टी20 श्रृंखला में भी टीम को हार का सामना करना पड़ा।
बदलाव के दौर से गुजर रही टीम के बारे में युवराज ने कहा, ''हमें इसे समझना होगा और आलोचना को स्वीकार करना होगा। साथ ही लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि इस भारतीय टीम ने पिछले कुछ वर्षों में क्या हासिल किया है - तीन बड़े खिताब जीते हैं।''
उन्होंने कहा, ''टीम बदलाव के दौर में है, नए खिलाड़ी आ रहे हैं और ऐसे दौर तो आते ही हैं। अब फिर से सोचने और वापसी करने का समय है।''
भारतीय टीम अब अगली एकदिवसीय श्रृंखला सितंबर में घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलेगी।
भाषा सुधीर पंत
पंत
2007 1301 नयी दिल्ली