हमें आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा: प्रधानमंत्री मोदी
सुरेश
- 17 Jul 2026, 05:01 PM
- Updated: 05:01 PM
(फोटो के साथ)
चंडीगढ़, 17 जुलाई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को यहां 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि 'विकसित भारत' की यात्रा के साथ-साथ एक आधुनिक सोच भी होनी चाहिए, जो भविष्य की तकनीकों और स्वास्थ्य सेवाओं पर केंद्रित हो।
मोदी ने कहा, ''हमें ऐसे फैसले लेने चाहिए, जो न केवल वर्तमान पीढ़ी को लाभ पहुंचाएं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी साबित हों। हमें ऐसे संस्थान बनाने चाहिए जो समय के साथ और मजबूत होते जाएं। भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार इसी दिशा में तेजी से काम कर रही है।"
मोदी चंडीगढ़ के पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (पीईसी) में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
मोदी हरियाणा के जींद दौरे के बाद पीईसी पहुंचे। वहां उन्होंने जींद और सोनीपत के बीच हाइड्रोजन से चलने वाली भारत की पहली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
पीईसी के कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया तथा कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी भी मौजूद थे।
इस अवसर पर मोदी ने सेवानिवृत्त भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी इंदरजीत सिंह सिद्धू की भी प्रशंसा की, जिन्हें हाल ही में कई वर्षों तक स्वेच्छा से चलाए गए स्वच्छता अभियान के लिए पद्मश्री से नवाजा गया है।
मोदी ने कहा, ''उन्होंने स्वच्छता योद्धा के रूप में पहचान बनाई है। अपने प्रयासों से उन्होंने चंडीगढ़ के लोगों को एक अलग तरीके से स्वच्छता के लिए प्रेरित किया है।''
हाइड्रोजन से चलने वाली भारत की पहली ट्रेन की शुरुआत को "एक बड़ी शुरुआत" बताते हुए मोदी ने कहा कि विकसित भारत की यात्रा के लिए ''हमें भविष्य के अनुरूप प्रौद्योगिकी, भविष्य के अनुरूप परिवहन और भविष्य के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं पर ध्यान देते हुए आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ना होगा।''
प्रधानमंत्री ने चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर मेडिकल शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में आधुनिक मातृ एवं शिशु केंद्र और आधुनिक तंत्रिका विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया।
अधिकारियों के अनुसार, 300 बिस्तरों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं वाले मातृ एवं शिशु केंद्र से माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और पूरे क्षेत्र के हजारों परिवारों को इसका लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि तंत्रिका विज्ञान केंद्र में विभिन्न जांच सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि इससे जटिल तंत्रिका संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय पर विश्वस्तरीय इलाज मिलेगा, साथ ही तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में चिकित्सा अनुसंधान, शिक्षा और प्रशिक्षण को भी मजबूती मिलेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने पीजीआईएमईआर, चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) के तहत 150 बिस्तरों वाले आधुनिक गहन देखभाल ब्लॉक का भी शिलान्यास किया।
मोदी ने चंडीगढ़ में शैक्षणिक संस्थानों से जुड़ी कई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिनमें पीईसी में कुरुक्षेत्र बॉयज हॉस्टल और मेस, सेक्टर-46 स्थित सरकारी कॉलेज में छात्रावास ब्लॉक का उद्घाटन और पीईसी में रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल का शिलान्यास शामिल है।
अधिकारियों के अनुसार, इन सुविधाओं से शैक्षणिक ढांचा मजबूत होगा, छात्रों व शोधकर्ताओं के लिए रहने की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उच्च शिक्षा के लिए बेहतर माहौल बनेगा।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से कई प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किया।
अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने मोहाली जिले में आईटी सिटी से कुराली तक छह लेन वाले ग्रीनफील्ड राजमार्ग की शुरुआत की।
उन्होंने कहा कि इस राजमार्ग से मोहाली, खरड़ और कुराली के बीच यात्रा का समय कम होगा। साथ ही पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगी।
मोदी ने अंबाला-चंडीगढ़ ग्रीनफील्ड राजमार्ग (एनएच-205ए) के 'पीआर-7 स्पर' का भी शिलान्यास किया। यह 10.3 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड मार्ग है, जो जिरकपुर बाईपास को सीधे एयरोसिटी, चंडीगढ़ से जोड़ने में मदद करेगा।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश
1707 1701 चंडीगढ़