केरल क्लब कनॉट प्लेस स्थित अपने परिसर को लेकर बेदखली की कानूनी लड़ाई का सामना कर रहा
सुरेश
- 15 Jul 2026, 10:20 PM
- Updated: 10:20 PM
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) दिल्ली के 87 वर्ष पुराने केरल क्लब के समक्ष कनॉट प्लेस स्थित अपने परिसर को खोने का खतरा मंडरा रहा है।
वर्ष 1939 में स्थापित केरल क्लब को उसके भूस्वामी की ओर से कथित रूप से किराया न चुकाने के कारण बेदखली का नोटिस मिला है, जिसके बाद संगठन ने कानूनी लड़ाई की तैयारी शुरू कर दी है।
केरल क्लब के अध्यक्ष ए. जे. फिलिप ने बताया कि कनॉट प्लेस स्थित पंज हाउस में यह परिसर मूल रूप से क्लब को 70 रुपये मासिक किराये पर आवंटित किया गया था। वर्ष 2004 में मामूली किराये को लेकर क्लब और भूस्वामी के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया। अदालत ने क्लब को संशोधित मासिक किराये के रूप में 243 रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया था।
क्लब के अनुसार, वह तब से हर महीने अदालत द्वारा निर्धारित 243 रुपये के किराये का भुगतान लगातार करता आ रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी के सबसे पुराने क्लबों में से एक, यह क्लब केरल राज्य के गठन से कई वर्ष पहले स्थापित हुआ था और 1943 से अपने वर्तमान परिसर से संचालित हो रहा है। कई दशकों के दौरान यह दिल्ली में मलयाली समुदाय के लिए एक सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्र के रूप में विकसित हुआ है, जहां साहित्यिक कार्यक्रमों, संगीत समारोहों और पारंपरिक उत्सवों का आयोजन किया जाता है।
फिलिप ने कहा कि भूस्वामी ने लगभग तीन महीने पहले किराया न चुकाने का हवाला देते हुए बेदखली की कार्यवाही शुरू की थी, लेकिन क्लब ने अदालत में इस दावे को चुनौती दी है।
उन्होंने किराया न चुकाने के आरोप से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह विवाद 2000 के दशक की शुरुआत से चला आ रहा है, जब भूस्वामी ने पहली बार क्लब हटाने की मांग की थी। उन्होंने यह भी बताया कि मामला अदालत में विचाराधीन है और पहली सुनवाई 28 जुलाई को निर्धारित है।
फिलिप ने कहा, ''उन्होंने हमसे परिसर खाली करने को कहा। हमने इसे अदालत में चुनौती दी, जिसने किराया बढ़ाने के बाद हमें उसका भुगतान जारी रखने का निर्देश दिया। जब हमने किराया देने की कोशिश की, तो उसे स्वीकार नहीं किया गया।''
क्लब की योजना है कि वह अदालत में बेदखली की कार्यवाही का सामना करते हुए केरल और दिल्ली सरकारों से समर्थन मांगे।
भाषा देवेंद्र सुरेश
सुरेश
1507 2220 दिल्ली