अहमदाबाद में बृहस्पतिवार को 149वीं जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा
अविनाश
- 15 Jul 2026, 08:46 PM
- Updated: 08:46 PM
अहमदाबाद, 15 जुलाई (भाषा) अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथयात्रा बृहस्पतिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगी। इस दौरान गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पारंपरिक 'पहिंद विधि' का निर्वहन करेंगे।
पुलिस के अनुसार, रथयात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 30,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली, चेहरा पहचान तकनीक और ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
हिंदू पंचांग के आषाढ़ माह के दूसरे दिन निकाली जाने वाली यह वार्षिक रथयात्रा सुबह करीब सात बजे जमालपुर स्थित 400 वर्ष पुराने भगवान जगन्नाथ मंदिर से शुरू होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री पटेल सोने की झाड़ू से रथों के मार्ग की प्रतीकात्मक सफाई कर पारंपरिक 'पहिंद विधि' का निर्वहन करेंगे।
अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि देवताओं की प्रतिमाओं को रथों पर विराजमान किए जाने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुबह करीब चार बजे मंदिर पहुंचकर 'मंगला आरती' में शामिल होंगे।
इसके बाद सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के रथों को खलासी समुदाय के सदस्य खींचेंगे।
रथयात्रा के दर्शन के लिए मंदिर में और 16 किलोमीटर लंबे मार्ग पर लाखों श्रद्धालु जुटते हैं। यह यात्रा जमालपुर, कालूपुर, शाहपुर और दरियापुर जैसे सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरती है और लगभग 14 घंटे बाद रात करीब नौ बजे मंदिर लौटती है।
करीब 1.5 किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा में 18 सजे-धजे हाथी, झांकियां लेकर चलने वाले लगभग 100 ट्रक, करीब 30 अखाड़े और धार्मिक मंडलियां, लगभग 20 भजन मंडलियां तथा भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के तीन रथ शामिल होंगे।
गहलोत ने बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रथयात्रा के लिए पुलिस, होमगार्ड और ट्रैफिक ब्रिगेड (टीआरबी) के जवानों सहित करीब 30,000 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1,100 वरिष्ठ अधिकारी ड्यूटी पर रहेंगे। त्वरित कार्रवाई के लिए राज्य रिजर्व पुलिस (एसआरपी) के 3,000 जवान, त्वरित प्रतिक्रिया बल (आरएएफ) की पांच कंपनियां, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चार कंपनियां तथा चेतक कमांडो की तीन विशेष टीमें तैनात की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि करीब 2,000 सुरक्षाकर्मी तीनों रथों और 100 ट्रकों के साथ चलेंगे।
गहलोत ने कहा कि इस वर्ष की सुरक्षा व्यवस्था में प्रौद्योगिकी की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने बताया कि रथयात्रा मार्ग पर 3,700 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और उनकी सीधी निगरानी 12 नियंत्रण कक्षों से की जाएगी।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित वीडियो विश्लेषण प्रणाली से भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही आपराधिक रिकॉर्ड वाले 65,000 से अधिक व्यक्तियों की तस्वीरें चेहरा पहचान प्रणाली में अपलोड की गई हैं, ताकि उनकी पहचान होने पर तुरंत अलर्ट मिल सके।
पुलिस आयुक्त ने चेतावनी दी कि एक समर्पित साइबर अपराध इकाई डार्क वेब और सोशल मीडिया पर चौबीसों घंटे निगरानी रख रही है। उन्होंने कहा कि रथयात्रा से संबंधित अफवाह फैलाने या बिना अनुमति वाले वीडियो प्रसारित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
1507 2046 अहमदाबाद