भारत सहित अन्य देशों के 32 प्रवासियों को मालदीव में हिरासत में लिया गया
नेत्रपाल
- 12 Jul 2026, 06:37 PM
- Updated: 06:37 PM
माले, 12 जुलाई (भाषा) मालदीव सरकार ने देश में अवैध रूप से रहने और काम करने के आरोप में कई प्रवासियों को हिरासत में लिया है जिनमें भारतीय भी शामिल हैं। मीडिया में रविवार को आई एक खबर में यह जानकारी दी गई।
मालदीव आव्रजन विभाग ने शनिवार को थिलाफुशी में बिना दस्तावेजों के रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। विभाग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
समाचार पोर्टल 'एडिशन डॉट एमवी' ने आव्रजन विभाग के हवाले से बताया कि इस अभियान के दौरान 836 प्रवासियों से पूछताछ की गई, जिनमें से 32 लोगों की पहचान बिना वैध दस्तावेजों के रहने वालों के रूप में हुई। इन सभी को हिरासत में ले लिया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, हिरासत में लिए गए 32 लोग भारत, बांग्लादेश और नेपाल के नागरिक हैं। हालांकि, इनमें से कितने लोग किस देश से हैं, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
आवास विकास निगम (एचडीसी) के अनुसार, माले के ठीक दक्षिण में स्थित थिलाफुशी मालदीव का एक कृत्रिम द्वीप है, जिसे विशेष रूप से नगर निगम के कचरा निस्तारण और औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है। एचडीसी मालदीव सरकार के पूर्ण स्वामित्व वाला उपक्रम है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह अभियान थिलाफुशी के औद्योगिक क्षेत्र, वाणिज्यिक क्षेत्र और परिवहन केंद्रों में चलाया गया। हिरासत में लिए गए लोगों पर लगाए गए आरोपों में वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी रहना, अनुमति प्राप्त स्थान के अलावा अन्य स्थानों पर काम करना और वीजा की शर्तों से परे निजी व्यवसाय करना शामिल हैं।
इसके अलावा, कुछ लोगों पर 'वर्क परमिट' शुल्क का भुगतान न करने और थिलाफुशी में अवैध कारोबार करने का संदेह है।
समाचार पोर्टल के अनुसार, इसी तरह की कार्रवाई के तहत मई में भी आव्रजन विभाग ने 254 प्रवासियों को हिरासत में लिया था।
प्रवासियों को हिरासत में लिए जाने की यह खबर ऐसे समय आई है, जब मालदीव सांख्यिकी ब्यूरो द्वारा जारी जनसंख्या अनुमान के अनुसार, वर्ष 2026 में देश की कुल आबादी का लगभग एक-तिहाई हिस्सा विदेशी नागरिकों का है।
समाचार पोर्टल 'कॉर्पोरेट मालदीव' के अनुसार, 2026 में मालदीव की कुल अनुमानित आबादी 5,90,079 है।
भाषा सुभाष नेत्रपाल
नेत्रपाल
1207 1837 माले