मप्र: आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाने पर नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने किया प्रदर्शन
जितेंद्र
- 10 Jul 2026, 10:57 PM
- Updated: 10:57 PM
भोपाल, 10 जुलाई (भाषा) मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को आशुतोष तिवारी को अपना उम्मीदवार घोषित किया।
तिवारी के नाम की घोषणा किये जाने के बाद वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, मिश्रा को टिकट मिलने की उम्मीद थी और उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था।
ऐसे में भाजपा का यह फैसला उनके लिए झटका माना जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि दतिया जिले के सेवढ़ा कस्बे के निवासी तिवारी लंबे समय से प्रदेश भाजपा संगठन में सक्रिय हैं।
उम्मीदवार घोषित होने के बाद तिवारी ने प्रदेश भाजपा कार्यालय के बाहर संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा, "नरोत्तम मिश्रा बहुत वरिष्ठ नेता हैं और मेरे अभिभावक समान हैं। उन्होंने (नरोत्तम मिश्रा ने) कहा है कि वह मेरे और पार्टी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।"
हालांकि, दतिया में मिश्रा के समर्थकों ने राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
समर्थक बलराम ने 'पीटीआई-वीडियो' सेवा से कहा कि कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप अपनी शर्ट उतारकर सड़क पर लेटकर प्रदर्शन किया जबकि अन्य धरने पर बैठ गए।
एक अन्य समर्थक ने कहा कि जब तक 'नरोत्तम दादा' को टिकट नहीं दिया जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर वे भाजपा छोड़ने का फैसला भी कर सकते हैं।
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7,500 से अधिक मतों से हराया था।
हालांकि, दिल्ली की एक अदालत ने इसी वर्ष अप्रैल में धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल के कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई और दतिया सीट पर उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया।
हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई।
भारत निर्वाचन आयोग ने हाल में अलग-अलग राज्यों की तीन विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा की, जिनमें मध्यप्रदेश की दतिया सीट भी शामिल है। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, दतिया के अलावा बिहार और गुजरात की एक-एक विधानसभा सीट पर भी 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन अगस्त को की जाएगी।
भाषा दिमो जितेंद्र
जितेंद्र
1007 2257 भोपाल