अभिनेता प्रसनजीत चटर्जी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की
माधव
- 09 Jul 2026, 10:07 PM
- Updated: 10:07 PM
कोलकाता, नौ जुलाई (भाषा) बांग्ला फिल्मों के सुपरस्टार प्रसनजीत चटर्जी ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से राज्य सचिवालय 'नबन्ना' में लगभग दो घंटे तक मुलाकात की और कहा कि इस दौरान ''राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई''।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में उनके शामिल होने की अटकलों के बीच उन्होंने कहा कि उनकी बातचीत में राजनीति का कोई विषय नहीं था।
उनकी इस मुलाकात को लेकर हालांकि नयी राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गईं, क्योंकि यह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाल में राज्य के दौरे के दौरान अभिनेता के आवास पर जाने के कुछ दिनों बाद हुई।
ढाई सौ से अधिक फिल्मों में अभिनय कर चुके अभिनेता ने कहा, ''राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई।''
उन्होंने कहा, ''हमने साथ में कॉफी पी और कुछ देर बातचीत की। राजनीति पर कोई चर्चा नहीं हुई। बाहर कई तरह की अटकलें हैं, लेकिन उनमें से ज्यादातर सही नहीं हैं।''
चटर्जी ने कहा कि महान अभिनेता उत्तम कुमार की 100वीं जयंती के समारोह की तैयारियों और बांग्ला फिल्म उद्योग से जुड़े मुद्दों को लेकर बातचीत हुई।
उन्होंने कहा, ''हमारे फिल्म उद्योग को कई चीजों की जरूरत है। हमने बांग्ला फिल्म उद्योग के विकास और उत्तम कुमार को उचित सम्मान देने की योजनाओं पर चर्चा की। मैं पहले भी कह चुका हूं कि यदि मैं कभी राजनीति में आने का फैसला करूंगा, तो इसकी जानकारी सबसे पहले मीडिया को ही दूंगा।''
सोमवार को अमित शाह के अपने आवास पर आने का जिक्र करते हुए प्रसनजीत ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया।
उन्होंने कहा, ''सब जानते हैं कि वह सिर्फ 10–15 मिनट के लिए आए थे। मैं पिछले 40 वर्षों से काम कर रहा हूं। मुझसे और मेरी टीम से जुड़े कुछ मुद्दे हैं। तय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मैं उन मामलों से मुख्यमंत्री को अवगत कराने और उनके समक्ष कुछ अनुरोध रखने आया था।''
राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद, नौ मई को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद प्रमुख हस्तियों में चटर्जी भी शामिल थे।
हाल में अमित शाह ने अभिनेता के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी, जिससे यह अटकलें तेज हो गईं कि वह भाजपा में शामिल होने की तैयारी कर सकते हैं। चटर्जी को कला और भारतीय सिनेमा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए इस वर्ष पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
इस बीच, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और बहरामपुर से सांसद यूसुफ पठान तथा बीरभूम से सांसद शताब्दी रॉय ने भी मुख्यमंत्री से अलग-अलग मुलाकात की।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव
0907 2207 कोलकाता