अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब शांति और विकास जम्मू कश्मीर की पहचान: भाजपा अध्यक्ष
शोभना
- 07 Jul 2026, 11:18 AM
- Updated: 11:18 AM
जम्मू, सात जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा कि अनुच्छेद 370 हटने के बाद से जम्मू-कश्मीर में एक क्रांतिकारी बदलाव आया है और अब इस केंद्र शासित प्रदेश को संघर्ष के बजाय विकास, शांति तथा इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए पहचाना जाता है।
नवीन ने कहा कि भाजपा लगातार जनता के मुद्दों को उठाकर जम्मू-कश्मीर में एक राजनीतिक संगठन और मुख्य विपक्ष दल, दोनों के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने यहां संवाददाताओं से कहा, ''हम जानते हैं कि काफी प्रयास और संघर्ष के बाद, हम जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 से मुक्त कराने (अगस्त 2019 में) में सफल रहे और यह अब यहां के लोगों के जीवन में बदलाव लाने वाला निर्णायक कारक बन गया है।''
उन्होंने कहा, ''हम कह सकते हैं कि कुछ साल पहले तक दुनिया के सामने जम्मू-कश्मीर को एक बहुत ही अलग रूप में पेश किया जाता था। आज, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिए गए ऐतिहासिक फैसलों के बाद, जम्मू-कश्मीर को भारत के एक अभिन्न अंग के रूप में और विकास के पथ पर आगे बढ़ने वाले एक ऐसे क्षेत्र के रूप में देखा जाता है, जिसकी पहचान शांति और इसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से है।''
नवीन ने कहा कि मोदी सरकार इस क्षेत्र की समृद्ध विरासत और संस्कृति को फिर से जीवंत करने और इसे दुनिया के सामने पेश करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा, ''जम्मू-कश्मीर के युवा और महिलाएं, जिन्हें कभी एक अलग नजरिए से देखा जाता था, वे अब अपनी पहचान खुद बना रहे हैं और अपनी कड़ी मेहनत व दृढ़ संकल्प से सफलता हासिल कर रहे हैं।''
उन्होंने कहा कि पर्यटन को मजबूत करने के लिए केंद्र द्वारा किए गए प्रयासों का असर निश्चित रूप से लोगों के जीवन पर सकारात्मक रूप से दिखने लगा है।
उन्होंने कहा, ''इसी तरह, नरेन्द्र मोदी सरकार में महिलाओं को दिए गए सम्मान और अवसरों ने युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के भीतर आत्मसम्मान और आत्मविश्वास की भावना पैदा की है, जिससे वे केंद्र शासित प्रदेश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित हुए हैं।''
सोमवार को अपनी पहली दो दिवसीय यात्रा पर यहां पहुंचे नवीन ने कहा कि भारतीय जनसंघ के नेता श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर जम्मू-कश्मीर का दौरा करना एक सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा, ''हमने चर्चा की और विभिन्न संगठनात्मक मामलों की समीक्षा की। जम्मू-कश्मीर इकाई मोदी सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू करने के लिए लगातार काम कर रही है, साथ ही यह भी सुनिश्चित कर रही है कि पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियां जारी रहें।''
भाषा खारी शोभना
शोभना
0707 1118 जम्मू